close
LIVE UPDATE

झारखंड भीषण दुर्घटना: बस दुर्घटना में 5 लोगों की मौत, 25 से ज्यादा की हालत गंभीर, यात्रियों से भरी बस खाई में गिरी, कईयों की हालत नाजुक

Jharkhand: 5 people killed in bus accident, more than 25 in critical condition; bus full of passengers falls into ditch, many in critical condition

Jharkhand Big Accident/18.1.26: झारखंड के लातेहार में एक बड़ा हादसा हुआ है। अब तक इस दुर्घटना में 5 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोगों की हालत गंभीर बतायी जा रही है। जानकारी के मुताबिक लातेहार के महुआडांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ओरसा घाटी में छत्तीसगढ़ से आ रही एक यात्री बस के दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। इस दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हुई है, जबकि 25 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

सभी घायलों का इलाज महुआडांड़ अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने बताया है कि महुआडांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ओरसा घाटी में छत्तीसगढ़ से आ रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हालांकि मौत को लेकर पुलिस प्रशासन ने पुष्टि नहीं की है। हालांकि जानकारी के मुताबिक दुर्घटना में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई है, जबकि 25 से अधिक लोग घायल हुए हैं।

बस छत्तीसगढ़ से रिजर्व कर लाई जा रही थी। बस में सवार यात्री किसी पारिवारिक मेहमानी या सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहे थे। रविवार को जैसे ही बस ओरसा घाटी के दुर्गम और घुमावदार रास्ते से गुजर रही थी, अचानक चालक का नियंत्रण बस पर से हट गया। देखते ही देखते बस सड़क से फिसलते हुए घाटी में पलट गई। हादसा इतना भयावह था कि बस में सवार अधिकांश यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

मौके पर मची अफरा-तफरी

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। घाटी क्षेत्र होने के कारण बस के पलटते ही यात्री एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े। कई लोग बस के अंदर ही फंस गए थे। आसपास के ग्रामीणों ने जब दुर्घटना देखी तो तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए बिना देर किए घायलों को बाहर निकालने में मदद की और अपने निजी वाहनों से कई घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

ग्रामीणों के अनुसार, हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि कई घायलों की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने की भी संभावना जताई जा रही है।

प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने प्रशासनिक अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने पर एसडीएम विपिन कुमार दुबे ने तुरंत प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट कर दिया। एसडीएम के निर्देश पर महुआडांड़, गारू और नेतरहाट की पूरी स्वास्थ्य टीम एंबुलेंस के साथ घटनास्थल पर पहुंची।

राहत और बचाव कार्य में स्थानीय प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला। सभी घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से महुआडांड़ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, कई घायलों की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है।

हादसे के कारणों की जांच

फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह बस का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है, लेकिन यह भी जांच की जा रही है कि कहीं तेज रफ्तार, तकनीकी खराबी या सड़क की खराब स्थिति तो दुर्घटना का कारण नहीं बनी। पुलिस ने बस चालक से भी पूछताछ शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *