झारखंड: जज की पत्नी पर हुई गोलीबारी मामले में पुलिस एक्शन में, दो देवर हिरासत में, पुलिस हर एंगल की तलाश में जुटी
Jharkhand: Police in action in the shooting incident on the judge's wife, two brothers-in-law in custody, police investigating every angle.

गोड्डा। जज की पत्नी पर हुई गोलीबारी की जांच चल रही है। जिले के पथरगामा थाना क्षेत्र के गांधीग्राम में हुई इस घटना के बाद पुलिस हर एंगल को तलाश रही है। वंदना कुमारी पर हुई गोलीबारी की घटना में अब तक दोनों देवरों को हिरासत में लिया है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। इस वारदात ने न केवल स्थानीय लोगों को दहला दिया है, बल्कि न्यायिक परिवार से जुड़े होने के कारण मामला और भी गंभीर हो गया है।
पुलिस अब इस हमले के पीछे की साजिश और असली वजह का पता लगाने के लिए तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ स्थानीय इनपुट्स पर भी भरोसा कर रही है।पथरगामा थाना प्रभारी शिवदयाल सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम ने रविवार देर रात कई संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने मामले में नामजद एक महिला के दोनों देवरों को हिरासत में लिया है।
फिलहाल दोनों को एक गुप्त स्थान पर रखकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इनसे पूछताछ के बाद घटना की पृष्ठभूमि, आपसी विवाद और साजिश से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं।
तकनीकी साक्ष्यों के सहारे जांच
मामले में कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना के समय पीड़िता और संदिग्ध आरोपियों के मोबाइल लोकेशन की गहन जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वारदात के वक्त कौन कहां मौजूद था। इसके अलावा घटनास्थल से बरामद खोखे और अन्य भौतिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस्तेमाल किया गया हथियार कौन सा था और वह किसके पास से आया।
कैसे हुई वारदात
जानकारी के मुताबिक, वंदना कुमारी (निवासी परसा) किसी काम से गांधीग्राम के पास से गुजर रही थीं, तभी घात लगाए अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाकर कई राउंड फायरिंग की, जिनमें से तीन गोलियां वंदना कुमारी को लगीं। गोलीबारी की आवाज सुनते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से गंभीर रूप से घायल वंदना कुमारी को पथरगामा अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए और शरीर में धंसी गोलियों के कारण बेहतर इलाज के लिए उन्हें गोड्डा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है और डॉक्टरों की एक टीम लगातार निगरानी में रखे हुए है।
पारिवारिक विवाद की आशंका
घायल वंदना कुमारी के भाई ने इस घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि वंदना का अपने पति के साथ तलाक का मामला कोर्ट में चल रहा है और इसी पारिवारिक विवाद के चलते यह जानलेवा हमला कराया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस साजिश में वंदना के पति और उनके भाइयों की संलिप्तता है और उन्हीं लोगों ने हत्या की नीयत से गोली चलवाई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।








