मंईया सम्मान योजना पर आ गया बड़ा अपडेट, जानिये कब होने आने वाली खाते में राशि, मंत्री ने विधानसभा में दिया ये अहम अपडेट….
A big update has come on the Maiya Samman Yojana, know when the amount will be credited to the account, the minister gave this important update in the assembly....

रांची/22.2.26। होली के पहले महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। महिलाओं के खाते में जल्द ही पैसे आने वाले हैं। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना को लेकर सरकार ने एक अहम अपडेट दे दिया है। योजना की अगली किस्त की राशि होली से पहले महिला लाभुकों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी। सरकार का कहना है कि लाभ वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए लाभुकों के नामों का व्यापक सत्यापन किया जा रहा है।
दरअसल अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री चमरा लिंडा ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि सत्यापन अभियान के दौरान ऐसे मामलों की पहचान की जा रही है, जहां कुछ महिलाएं योजना की निर्धारित पात्रता शर्तों को पूरा नहीं करतीं, बावजूद इसके उन्हें लाभ मिल रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपात्र लाभुकों के नाम सूची से हटाए जाएंगे और उनकी जगह वास्तविक पात्र महिलाओं को जोड़ा जाएगा।
मंत्री के अनुसार, सत्यापन की प्रक्रिया का उद्देश्य किसी भी पात्र महिला को योजना के लाभ से वंचित होने से बचाना है। सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि योजना का लाभ केवल उन्हीं महिलाओं तक पहुंचे, जो निर्धारित मानकों पर खरी उतरती हैं। इसके लिए विभागीय स्तर पर डेटा मिलान, दस्तावेज जांच और स्थानीय स्तर पर फील्ड वेरिफिकेशन किया जा रहा है।
लंबित किस्तों पर भी राहत
सरकार ने उन महिलाओं को भी राहत देने का निर्णय लिया है, जिन्हें अब तक योजना की 17वीं और 18वीं किस्त का भुगतान प्राप्त नहीं हुआ है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, ऐसे लाभुकों के खातों में दोनों किस्तों की राशि एकमुश्त हस्तांतरित की जाएगी। यह कुल राशि पांच हजार रुपये होगी। इस निर्णय से हजारों लाभुकों को सीधा आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है।
अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी कारणों, बैंकिंग त्रुटियों या दस्तावेजी विसंगतियों के चलते कुछ भुगतान लंबित रह गए थे, जिन्हें अब प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जा रहा है। विभाग ने बैंकिंग चैनलों के साथ समन्वय बढ़ाते हुए भुगतान प्रक्रिया को गति दी है।
अनुपूरक बजट में महत्वपूर्ण प्रविधान
इधर, राज्य सरकार ने सामाजिक सुरक्षा और कल्याणकारी योजनाओं को वित्तीय मजबूती देने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए विधानसभा में अनुपूरक बजट पेश किया। वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने झारखंड विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 का तीसरा अनुपूरक बजट प्रस्तुत किया, जिसमें कुल 6,450 करोड़ रुपये का प्रविधान किया गया है।
इस बजट में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के अलावा सर्वजन पेंशन, साइकिल वितरण, प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति, कंबल एवं वस्त्र वितरण तथा मुख्यमंत्री किशोरी कल्याणार्थ जैसी योजनाओं के लिए भी राशि निर्धारित की गई है। सरकार का दावा है कि इन प्रविधानों से सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रमों को नई गति मिलेगी और लक्षित वर्गों तक लाभ पहुंचाने में सहूलियत होगी।
पारदर्शिता और प्रभावशीलता पर जोर
सरकार ने दोहराया है कि कल्याणकारी योजनाओं में पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है। लाभुकों का सत्यापन, डेटा अपडेट और भुगतान तंत्र की निगरानी के जरिए योजनाओं की प्रभावशीलता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों का मानना है कि यह कदम भविष्य में गड़बड़ियों को रोकने और वास्तविक लाभार्थियों तक सहायता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण साबित होगा।









