close
LIVE UPDATE

झारखंड: वोटिंग के पहले दो प्रत्याशियों के समर्थकों में भिड़ंत, पुलिस बल की मौके पर तैनाती, दोनों पक्षों ने किये अलग-अलग दावे…

Jharkhand: Supporters of two candidates clash before voting, police deployed on the spot, both sides make different claims...

धनबाद/22.2.26। नगर निगम चुनाव के लिए वोटिंग में अब से कुछ देर का वक्त बचा है। राजनीतिक सरगर्मियां तेज है। एक तरफ प्रशासन तैयार है, तो वहीं दूसरी तरफ टकराव की भी खबरें मिल रही है। सुदामडीह इलाके से टकराव की घटना सामने आई, जिससे क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई। मामला वार्ड संख्या 51 से जुड़ा बताया जा रहा है, जहां पार्षद प्रत्याशी पायल सुपकार और बीरेंद्र कुमार के समर्थकों के बीच विवाद हो गया।

सुदामडीह न्यू माइंस कॉलोनी निवासी 22 वर्षीय राजकुमार यादव अपने साथी सागर वर्मा उर्फ बिट्टू के साथ बाइक से एक परिचित को संवारडीह बस्ती के पास छोड़कर लौट रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। प्रत्यक्षदर्शियों और घायल पक्ष के अनुसार, रोकने के बाद बाइक की चाबी और मोबाइल छीन लिए गए, जिसके बाद कथित रूप से गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई।

हंगामे और शोरगुल की आवाज सुनकर दोनों पक्षों के समर्थक मौके पर जुटने लगे, जिससे स्थिति और अधिक तनावपूर्ण हो गई। इस झड़प में राजकुमार यादव के सिर पर गंभीर चोट आने की बात कही जा रही है, जबकि दीपक वर्णवाल के पैर में चोट लगने की सूचना है। दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए चासनाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।

वहीं इस घटना को लेकर दूसरे पक्ष की ओर से अलग दावा किया गया है। मनोज सुपकार ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि विवाद की शुरुआत उनकी दुकान के बाहर हुई। उनके अनुसार, कुछ युवक वहां पहुंचे और बेवजह विवाद करने लगे। रोकने और समझाने का प्रयास करने पर ही कथित रूप से मारपीट की गई, जिसमें उन्हें भी चोटें आई हैं। इस बयान के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया है, क्योंकि दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं।

इधर, सूचना मिलते ही सुदामडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति का जायजा लेते हुए भीड़ को शांत कराया और हालात को नियंत्रण में लिया। अधिकारियों का कहना है कि घटना के समय इलाके में एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *