रांची: भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन झारखंड दौरे पर, भाजपा तैयारी में जुटी, जानिये क्या-क्या है कार्यक्रम
Ranchi: BJP National President Nitin Navin on Jharkhand tour, BJP busy in preparations, know what are the programs.

रांची। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन पहली बार झारखंड दौरे पर आ रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। नितिन नबीन आगामी 5 जून को दो दिवसीय दौरे पर झारखंड पहुंचेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष का ये दौरा राजनीतिक और संगठनात्मक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राज्यसभा चुनाव को लेकर प्रदेश में बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी के बीच नितिन नबीन का यह दौरा भाजपा के लिए रणनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।
दौरे के दौरान वे पार्टी की कोर कमेटी के साथ बैठक करेंगे और राज्य की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों के साथ-साथ संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे।सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष पार्टी के सांसदों और विधायकों के साथ भी अलग से बैठक करेंगे। इन बैठकों में आगामी राजनीतिक रणनीति, संगठन विस्तार और बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने पर विशेष चर्चा होने की संभावना है। भाजपा नेतृत्व झारखंड में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने पर फोकस कर रहा है।
संगठन की मजबूती पर रहेगा विशेष जोर
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन राजधानी रांची स्थित कार्निवल हॉल में आयोजित एक बड़े कार्यक्रम में जिलाध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों और पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करेंगे। इस दौरान संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।बताया जा रहा है कि बूथ कमेटियों को सक्रिय करने, शक्ति केंद्रों को मजबूत बनाने और पन्ना प्रमुख व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष विशेष दिशा-निर्देश दे सकते हैं। पार्टी नेताओं का मानना है कि बूथ स्तर तक मजबूत संगठन भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है और इसी मॉडल को झारखंड में और प्रभावी बनाने का प्रयास किया जाएगा।
प्रदेशभर के नेताओं और कार्यकर्ताओं का होगा जुटान
राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को लेकर भाजपा संगठन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। प्रदेशभर से पार्टी पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष और कार्यकर्ता रांची पहुंचेंगे। पार्टी की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष के भव्य स्वागत की तैयारी की जा रही है।प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता और संगठन के पदाधिकारी लगातार बैठकें कर कार्यक्रम की रूपरेखा तय कर रहे हैं। पार्टी कार्यालय से लेकर कार्यक्रम स्थल तक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।भाजपा नेताओं का कहना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने का काम करेगा।
राज्यसभा चुनाव के बीच बढ़ी राजनीतिक अहमियत
राजनीतिक जानकारों के अनुसार, राज्यसभा चुनाव के समय राष्ट्रीय अध्यक्ष का झारखंड दौरा कई मायनों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इस दौरान पार्टी की राजनीतिक रणनीति और विपक्ष को घेरने के मुद्दों पर भी चर्चा हो सकती है।इसके अलावा, संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा कर पार्टी आगामी चुनावों के लिए जमीनी तैयारी को और मजबूत करना चाहती है।









