झारखंड में मौसम विभाग का बड़ा अलर्ट, आज भी कई जिलों में बारिश की चेतावनी, 19 के बाद मानसून देगा दस्तक

रांची। झारखंड में मौसम काफी तेजी से बदल रहा है। कहीं गरमी और उमस, तो कहीं बारिश और आंधी। मौसम विभाग की तरफ एक दो दिनों तक मौसम की यही स्थिति बतायी है। हालांकि 11 जून के बाद झारखंड में बारिश का दौर शुरू हो जायेगा, जबकि 19-20 तक झारखंड में मानसून का प्रवेश हो जायेगा। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में अगले कुछ दिनों के दौरान तेज आंधी, वज्रपात और बारिश की संभावना जताई है।
खासकर 11 जून से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। इसके मद्देनजर कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।मौसम विभाग के अनुसार 9 जून को राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं। रांची, रामगढ़, बोकारो, गुमला और खूंटी जिलों में वज्रपात, तेज हवा और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।
11 जून को भी जारी रहेगा खराब मौसम
मौसम विभाग ने बताया कि 11 जून को राज्य के उत्तर-पश्चिमी और कुछ मध्य क्षेत्रों को छोड़कर अन्य इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश की भी संभावना है। इस दौरान बारिश के साथ वज्रपात भी होगी।
जल्द झारखंड पहुंचेगा मानसून
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से 11 जून से झारखंड के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। 11 जून को धनबाद, बोकारो, कोडरमा, हजारीबाग, रामगढ़ और रांची जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने, वज्रपात और बारिश होने की आशंका है।
इसी को देखते हुए मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
12 जून से तीन दिन तक बारिश के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 12 जून से राज्य के कई इलाकों में बादल छाए रहने के साथ बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। अगले तीन दिनों तक कई जिलों में तेज हवा, वज्रपात और वर्षा होने की संभावना जताई गई है।मौसम में बदलाव की संभावना के बावजूद सोमवार को राज्य के कई जिलों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
- रांची का अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो 24 घंटे में 2.6 डिग्री बढ़ा।
- मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
- जमशेदपुर में तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जिसमें 4.5 डिग्री की वृद्धि हुई।
- बोकारो का अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
- चाईबासा में तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जहां 4 डिग्री की बढ़ोतरी हुई।
- रामगढ़ में सोमवार को 1 मिमी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने लोगों को वज्रपात के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।








