जामताड़ा पुलिस महकमे में हड़कंप: लूट और चोरी कांड में नप गए थाना प्रभारी समेत 6 पुलिसकर्मी, SP ने किया सस्पेंड
Police department in turmoil: 6 policemen, including the station in-charge, were caught in a robbery and theft case; the SP suspended them.

जामताड़ा: 29 दिसंबर 20 जिले में बढ़ते अपराध और पुलिस की कार्यशैली में लापरवाही को लेकर एसपी राजकुमार मेहता ने कड़ा रुख अपनाया है। जामताड़ा लूट कांड और मिहिजाम में हुई चोरी की घटनाओं पर सख्त एक्शन लेते हुए एसपी ने जामताड़ा थाना प्रभारी समेत कुल 6 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया है। एसपी की इस बड़ी कार्रवाई से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
अपराध पर लगाम न कस पाने पर थाना प्रभारी निलंबित
जामताड़ा थाना क्षेत्र में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं और उस पर प्रभावी नियंत्रण न रख पाने का खामियाजा थाना प्रभारी को भुगतना पड़ा है। कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में पुलिस निरीक्षक संतोष कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
एसपी राजकुमार मेहता ने कार्रवाई करते हुए स्पष्ट किया कि क्षेत्र में हो रही वारदातें पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रही थीं। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार अधिकारियों पर यह कार्रवाई इसलिए जरूरी थी ताकि पुलिस व्यवस्था में अनुशासन और जवाबदेही बनी रहे।
मिहिजाम ज्वेलरी चोरी कांड: रात्रि गश्ती टीम पर गिरी गाज
बीती 25/26 दिसंबर 2025 की रात मिहिजाम थाना क्षेत्र स्थित ‘शिर्डी ज्वेलरी’ दुकान में हुई बड़ी चोरी की घटना ने पुलिस की रात्रि गश्ती (पेट्रोलिंग) की पोल खोल कर रख दी थी। जांच में पाया गया कि गश्ती दल ने सुरक्षा में गंभीर चूक की और असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने में विफल रहे।
इस लापरवाही के चलते एसपी ने मिहिजाम थाना के गश्ती दल और टाइगर मोबाइल के जवानों को सस्पेंड करते हुए लाइन हाजिर कर दिया है। निलंबित होने वाले पुलिसकर्मियों में शामिल हैं:
- एएसआई अजय कुमार (मिहिजाम थाना)
- आरक्षी परमेश्वर मंडल (आ०/567)
- आरक्षी मनबोध कुमार सिंह (आ०/206)
- आरक्षी निशांत चक्रवर्ती (टाइगर मोबाइल)
- आरक्षी प्रदीप दास (टाइगर मोबाइल)
सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: एसपी
एसपी राजकुमार मेहता ने अपने आदेश में सख्त संदेश दिया है कि गश्ती में थोड़ी सी भी लापरवाही का सीधा असर आम जनता की सुरक्षा पर पड़ता है। उन्होंने कहा, “आम लोगों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इस तरह की गलती किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”









