ANM की मौत : झारखंड से ब्वायफ्रेंड को नर्स ने बुलवाया, फोन पर हुआ झगड़ा, आने से पहले फांसी पर लटककर दे दी जान
ANM's death: A nurse summoned her boyfriend from Jharkhand to Bihar, a fight broke out over the phone, and he hanged himself before she could arrive.

पलामू/कैमूर। ब्वायफ्रेंड को कॉल कर बुलाया और फिर प्रेमिका फांसी के फंदे पर लटक गयी। मृतिका का नाम आशा कुमारी है, जो स्वास्थ्य केंद्र में नर्स के रूप मे पदस्थ थी। जानकारी के मुताबिक कैमूर जिले के चैनपुर का ये मामला है। मोबाइल पर बॉयफ्रेंड से विवाद के बाद एएनएम ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना से पहले उसने अपने बॉयफ्रेंड को फोन कर पलामू से चैनपुर बुलाया था। मामला नगर पंचायत हाटा के वार्ड नंबर-6 का है, जहां किराए के कमरे में रह रही एएनएम का शव फंदे से लटका हुआ मिला।
मृतका की पहचान आशा कुमारी के रूप में हुई है। वह रोहतास जिले के डेहरी प्रखंड अंतर्गत अकोढ़ीगोला के बांक गांव निवासी उमाशंकर गुप्ता की पुत्री थी। आशा कुमारी पिछले करीब साढ़े छह महीने से चैनपुर प्रखंड के बखारी देवी उप स्वास्थ्य केंद्र में एएनएम के पद पर पदस्थापित थी और चैनपुर में ही किराए के मकान में अकेली रहती थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना से पहले आशा कुमारी का अपने बॉयफ्रेंड अभिषेक ठाकुर से मोबाइल फोन पर किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। अभिषेक ठाकुर झारखंड के पलामू जिले के जपला का निवासी बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच मोबाइल पर तीखी कहासुनी हुई, जिससे आशा कुमारी मानसिक रूप से काफी परेशान हो गई थी।
सूत्रों के मुताबिक, आत्मघाती कदम उठाने से ठीक पहले आशा कुमारी ने अभिषेक ठाकुर को फोन कर चैनपुर आने के लिए कहा था। फोन आने के बाद अभिषेक चैनपुर पहुंचा और आशा के कमरे का दरवाजा खटखटाने लगा। जब काफी देर तक अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो उसने दरवाजा पीटकर खुलवाने की कोशिश की। इसी दौरान आसपास के लोगों को शक हुआ और उन्होंने अभिषेक को पकड़ लिया।
स्थानीय लोगों की मौजूदगी में जब कमरे के अंदर झांका गया, तो एएनएम आशा कुमारी का शव फंदे से लटका हुआ मिला। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोग सन्न रह गए। तत्काल इसकी सूचना चैनपुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर फंदे से उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। प्रेम प्रसंग, मोबाइल पर हुए विवाद और अन्य संभावित कारणों की भी गहराई से जांच की जा रही है।
चैनपुर थाना पुलिस ने बताया कि मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। उनके बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, बॉयफ्रेंड अभिषेक ठाकुर से भी पूछताछ की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना से पहले दोनों के बीच क्या बातचीत हुई थी और किन परिस्थितियों में यह दुखद कदम उठाया गया।








