भीषण सड़क हादसा: खाटू श्याम जी के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी गाड़ी खड़े ट्रक से टकराई, 9 की गई जान, कई घायल

कोटा (राजस्थान): राजस्थान के कोटा जिले में कोटा-उदयपुर हाईवे पर शंभूपुरा के पास देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। खाटू श्याम जी के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी गाड़ी सड़क पर खड़े ट्रक से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए।
कोटा के अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेश जोशी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि शंभूपुरा के पास देर रात 16 लोगों को लेकर जा रही एक गाड़ी की ट्रक से टक्कर हो गई। दुर्घटना बेहद दर्दनाक थी, जिसमें 9 लोगों की जान चली गई।
उन्होंने बताया कि हादसे का शिकार हुए सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य थे और महाराष्ट्र के रहने वाले थे। परिवार के सभी सदस्य खाटू श्याम जी के दर्शन करने के बाद वापस महाराष्ट्र लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेश जोशी के मुताबिक, प्रशासन की पहली प्राथमिकता घायलों को उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना और उनका बेहतर उपचार सुनिश्चित करना है। वहीं, दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
इस हादसे के बाद मृतकों के परिवार में मातम पसरा हुआ है। एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत से इलाके में शोक की लहर है। प्रशासन घायलों के इलाज और हादसे से जुड़ी आवश्यक प्रक्रियाओं में जुटा हुआ है।












