close
LIVE UPDATE

हाईकोर्ट का निर्णय: बेटियों के पैतृक संपत्ति अधिकार पर झारखंड हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, कहा- ठोस सबूत के बिना नहीं छीन सकते बेटियों का हक

झारखंड हाईकोर्ट ने कहा कि संताल प्रथा के नाम पर बेटियों को पैतृक संपत्ति से वंचित नहीं किया जा सकता। 41 साल पुराने जामताड़ा जमीन विवाद में अपील खारिज।

रांची: झारखंड हाईकोर्ट ने संताल आदिवासी समुदाय में बेटियों के पैतृक संपत्ति के अधिकार को लेकर महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। हाईकोर्ट ने साफ कहा है कि संताल प्रथा के नाम पर बेटियों को पिता की संपत्ति में हिस्से से वंचित नहीं किया जा सकता। यदि कोई पक्ष यह दावा करता है कि संताल समाज में बेटियों को पैतृक संपत्ति में अधिकार नहीं मिलता, तो उसे इस प्रथा के अस्तित्व को ठोस सबूतों के साथ साबित करना होगा।

चीफ जस्टिस एमएस सोनक और जस्टिस राजेश शंकर की खंडपीठ ने कहा कि किसी प्रथा को मान्यता देने के लिए यह साबित करना जरूरी है कि वह प्राचीन, निश्चित, तर्कसंगत और लगातार प्रचलन में रही है। केवल परंपरा का हवाला देकर महिलाओं के संपत्ति अधिकार को खत्म नहीं किया जा सकता।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

अदालत ने जामताड़ा जिले के कुंडहित थाना क्षेत्र के तुरका गांव से जुड़े करीब 41 साल पुराने जमीन विवाद में प्रतिवादियों की अपील खारिज करते हुए अपीलीय अदालत के 2006 के फैसले को बरकरार रखा।

41 साल पुराने जमीन विवाद से जुड़ा है मामला

पूरा मामला जामताड़ा के तुरका गांव की पैतृक जमीन से जुड़ा है। वर्ष 1985 में एक महिला ने अपने पिता की पैतृक संपत्ति पर मालिकाना हक की घोषणा के लिए दीवानी मुकदमा दायर किया था। अब महिला की मृत्यु हो चुकी है और उनके कानूनी उत्तराधिकारी मुकदमे की पैरवी कर रहे हैं।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

पांच अक्टूबर 1996 को ट्रायल कोर्ट ने महिला के पक्ष में आंशिक फैसला सुनाया था। अदालत ने उन्हें पूरी संपत्ति के बजाय केवल एक-तिहाई हिस्से का मालिक माना था।इस फैसले से असंतुष्ट महिला ने अपील दायर की।

इसके बाद चार मार्च 2006 को अतिरिक्त जिला न्यायाधीश ने ट्रायल कोर्ट के फैसले में बदलाव करते हुए पूरी संपत्ति पर महिला के मालिकाना हक की डिक्री पारित कर दी।इसके खिलाफ सनातन हेंब्रम और अन्य प्रतिवादियों ने वर्ष 2006 में झारखंड हाईकोर्ट में अपील दाखिल की थी।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

प्रतिवादियों ने कहा- संताल प्रथा में बेटियों को नहीं मिलता संपत्ति में हिस्सा

हाईकोर्ट में अपीलकर्ताओं की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता जय प्रकाश झा ने दलील दी कि संताल आदिवासी समुदाय की परंपरा के अनुसार सामान्य तौर पर बेटियों को पिता की पैतृक संपत्ति में अधिकार नहीं मिलता है।

उनका कहना था कि बेटी को संपत्ति में अधिकार तभी मिल सकता है, जब उसकी शादी घरजमाई प्रथा के तहत हुई हो। इस व्यवस्था में घरजमाई को दत्तक पुत्र के समान माना जाता है।चूंकि संबंधित मामले में घरजमाई प्रथा के तहत विवाह नहीं हुआ था, इसलिए वादी महिला को पैतृक संपत्ति का अधिकार नहीं मिलना चाहिए।

कोर्ट ने कहा- प्रथा का दावा करने वाले को देना होगा ठोस सबूत

दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हाईकोर्ट ने कहा कि यदि कोई पक्ष किसी प्रथा के आधार पर सामान्य कानून से अलग अधिकार का दावा करता है, तो उस प्रथा को साबित करने की जिम्मेदारी उसी पक्ष की होती है।अदालत ने स्पष्ट किया कि किसी कथित प्रथा को मान्यता देने के लिए उसका प्राचीन, निश्चित, तर्कसंगत और निरंतर पालन किया जाना जरूरी है।

इस मामले में प्रतिवादी यह साबित करने के लिए कोई ठोस साक्ष्य पेश नहीं कर सके कि संताल समाज में बेटियों को पैतृक संपत्ति से वंचित रखने की कथित प्रथा आज भी समान रूप से लागू है।अदालत ने कहा कि बिना पर्याप्त प्रमाण के किसी महिला को उसके पैतृक संपत्ति के अधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता।

संताल समाज में महिलाओं की स्थिति में आया है बदलाव

खंडपीठ ने यह भी टिप्पणी की कि समय और जनमत के साथ संताल समाज में महिलाओं की स्थिति में बदलाव आया है। महिलाओं को संपत्ति में अधिकार देने और उनकी सामाजिक स्थिति बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण परिवर्तन हुए हैं।

अदालत ने सुप्रीम कोर्ट के मधु किश्वर बनाम बिहार राज्य के ऐतिहासिक फैसले का भी उल्लेख किया।खंडपीठ ने कहा कि वैधानिक प्रावधानों और ठोस प्रमाणों के अभाव में महिलाओं के साथ भेदभाव करने वाली किसी कथित प्रथा को केवल परंपरा के नाम पर मान्यता नहीं दी जा सकती।

हाईकोर्ट ने अपील खारिज कर बरकरार रखा 2006 का फैसला

झारखंड हाईकोर्ट ने प्रतिवादी सनातन हेंब्रम और अन्य की अपील खारिज कर दी। इसके साथ ही चार मार्च 2006 को अतिरिक्त जिला न्यायाधीश द्वारा पारित उस फैसले को बरकरार रखा, जिसमें वादी महिला को पूरी पैतृक संपत्ति का मालिकाना हक दिया गया था।

इस फैसले में अदालत ने स्पष्ट संदेश दिया कि किसी समुदाय की कथित परंपरा के नाम पर महिलाओं के संपत्ति अधिकार को खत्म नहीं किया जा सकता। जो पक्ष ऐसी प्रथा का दावा करेगा, उसे अदालत में उसके अस्तित्व और निरंतर पालन का ठोस प्रमाण देना होगा।

अमिताभ सिन्हा

अमिताभ सिन्हा hpbltop.com के वरिष्ठ राजनीतिक संपादक हैं। पत्रकारिता में 12 वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्हें भारतीय राजनीति, चुनावी रणनीतियों और संसद की कार्यवाही की गहरी समझ है। अमिताभ की रिपोर्टिंग तथ्यों पर आधारित और निष्पक्ष होती है। वे जटिल सरकारी नीतियों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुँचाने में माहिर हैं। खाली समय में वे राजनीतिक इतिहास पढ़ना पसंद करते हैं। ईमेल: amitabh@hpbltop.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *