झारखंड: JTET ड्यूटी पर जा रही महिला पुलिस जवान की गयी जान, गाड़ी ने मारी टक्कर; सड़क पर उतरे परिजन

पलामू। महिला कांस्टेबल की सड़क हादसे में मौत हो गयी। हादसा उस वक्त हुआ, जब महिला कांस्टेबल अपनी JTET परीक्षा की ड्यूटी में जा रही थी। झारखंड के पलामू जिले की ये घटना बतायी जा रही है। हादासे में महिला पुलिस जवान की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान बबीता कुमारी के रूप में हुई है। वह JTET परीक्षा की ड्यूटी पर जा रही थीं, तभी छतरपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट लगी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही छतरपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की।
परीक्षा ड्यूटी के लिए सतबरवा जा रही थीं बबीता
मिली जानकारी के मुताबिक, बबीता कुमारी पलामू जिले के छतरपुर महिला थाना में तैनात थीं। JTET परीक्षा को लेकर उनकी ड्यूटी सतबरवा इलाके में लगाई गई थी। रविवार सुबह वह परीक्षा केंद्र के लिए निकली थीं। इसी दौरान छतरपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।हादसा इतना गंभीर था कि बबीता के सिर में गहरी चोट लगी और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
छतरपुर थाना प्रभारी सौरव चौबे ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जा रहा है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।बबीता कुमारी छतरपुर थाना क्षेत्र के बारा गांव की रहने वाली थीं। वह पिछले कई दिनों से छतरपुर महिला थाना में अपनी सेवाएं दे रही थीं।
सड़क पर उतरे परिजन, वाहन चालक पर कार्रवाई की मांग
हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस जवान और परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। जवान की मौत से पुलिस महकमे और परिवार में शोक का माहौल है। आक्रोशित परिजनों ने अज्ञात वाहन को पकड़ने और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए सड़क जाम कर दिया।
वहीं, पुलिस मेन्स एसोसिएशन के सुशील सिन्हा और जयप्रकाश पुरी ने घटना की पुष्टि करते हुए महिला जवान की मौत पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। पुलिस फिलहाल हादसे के कारणों और अज्ञात वाहन की पहचान करने में जुटी है।












