Maiya Samman Yojana: दिपावली से पहले महिलाओं को मिला तोहफा, महिलाओं के खाते में पहुंची मंईया सम्मान योजना की राशिफल जानिये किन-किन जगहों पर आये पैसे

रांची। दीपावली से पहले झारखंड की महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की राशि महिलाओं के खाते में पहुंच गये हैं। सरकार के इस पहल ने महिलाओं के चेहरे पर दिपावली की रौनक बढ़ा दी है। रांची जिले की 3 लाख 94 हजार 7 महिलाओं के बैंक खातों में अक्टूबर 2026 की सम्मान राशि ट्रांसफर कर दी गई है। योजना के तहत प्रत्येक लाभुक महिला को 2500 रुपये मिले हैं।
इस तरह जिले की महिलाओं के खातों में कुल 98 करोड़ 50 लाख 17 हजार 500 रुपये की राशि भेजी गई है।यह राशि आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से सीधे लाभुकों के बैंक खातों में हस्तांतरित की गई है। त्योहार से ठीक पहले खाते में पैसे पहुंचने से महिलाओं को घरेलू जरूरतों और दीपावली की तैयारियों में आर्थिक मदद मिलेगी।
धनतेरस से पहले खाते में पहुंचे 2500 रुपये
राज्य सरकार की ओर से मंईयां सम्मान योजना के तहत अक्टूबर महीने की सम्मान राशि जारी की गई है। प्रत्येक पात्र महिला के खाते में 2500 रुपये भेजे गए हैं। सरकार की इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना, आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना और उन्हें आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है।धनतेरस और दीपावली से पहले मिली इस राशि से महिलाएं अपनी जरूरतों को पूरा करने के साथ परिवार के घरेलू खर्चों में भी सहयोग कर सकेंगी।
उपायुक्त ने बताया महिला सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
रांची के जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान और आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि धनतेरस और दीपावली जैसे त्योहारों से पहले लाभुक महिलाओं के खातों में राशि का हस्तांतरण सरकार की महिला हितैषी सोच और उनके प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इससे महिलाओं को परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने और त्योहार की खुशियों में शामिल होने में मदद मिलेगी।उपायुक्त ने यह भी कहा कि जिला प्रशासन योजना का लाभ सभी पात्र महिलाओं तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कांके में सबसे ज्यादा महिलाओं को मिला लाभ
रांची जिले में प्रखंड और शहरी क्षेत्र के हिसाब से लाभुक महिलाओं की संख्या में कांके सबसे आगे रहा। यहां 31,502 महिलाओं के खातों में सम्मान राशि भेजी गई है।
इसके अलावा प्रमुख क्षेत्रों में लाभुक महिलाओं की संख्या इस प्रकार है:
• टाउन अर्बन – 25,891
• मांडर – 22,933
• सिल्ली – 21,282
• बेड़ो – 20,562
• रातू – 20,290
• चान्हो – 19,332
• तमाड़ – 18,751
• नगड़ी – 18,250
• नामकुम – 17,958
• ओरमांझी – 17,840
• बुढ़मू – 17,765
• अनगड़ा – 16,705
• हेहल शहरी क्षेत्र – 16,308
• अरगोड़ा शहरी क्षेत्र – 13,347
• सोनाहातू – 13,088
• लापुंग – 11,784
• इटकी – 10,135
• बड़गाईं शहरी क्षेत्र – 10,042
• खलारी – 9,597
• राहे – 9,531
• नामकुम शहरी क्षेत्र – 9,504
• बुंडू – 8,556
• नगड़ी शहरी क्षेत्र – 8,216
• बुंडू नगर पंचायत – 3,558
• कांके शहरी क्षेत्र – 1,280
महिलाओं को आर्थिक मजबूती देने पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के माध्यम से झारखंड सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उनके जीवन स्तर में सुधार लाने का प्रयास कर रही है। योजना के तहत मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता से महिलाओं को अपनी छोटी-बड़ी जरूरतों के लिए आर्थिक संबल मिलता है।धनतेरस और दीपावली से पहले अक्टूबर महीने की सम्मान राशि का भुगतान जिले की लाखों महिलाओं के लिए त्योहार की सौगात बनकर आया है।











