महिला IAS का विधायक ने किया यौन उत्पीड़न: देर रात सत्ताधारी पार्टी के विधायक की हुई गिरफ्तारी, मुख्यमंत्री की बढ़ी टेंशन
IAS अधिकारी के यौन उत्पीड़न के आरोप में सत्ताधारी पार्टी के विधायक को गिरफ्तार कर लिया गया है। हाई कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद हुई इस कार्रवाई से मुख्यमंत्री को भी अग्निपरीक्षा देनी पड़ सकती है।

चेन्नई। महिला IAS अफसर के यौन उत्पीड़ना का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हैरानी की बात ये है कि यौन उत्पीड़न का ये गंभीर आरोप सत्ताधारी पार्टी के ही एक विधायक पर लगा है। देर रात विधायक को पुलिस ने गिरफ्तार किया। मामला तमिलनाडु का है, जहां की राजनीति में उस समय हड़कंप मच गया जब एक महिला IAS अधिकारी के यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप में सत्ताधारी पार्टी के विधायक को गिरफ्तार कर लिया गया। जानकारी के मुताबिक कल्लाकुरिची से तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के विधायक सी. अरुल विग्नेश पर महिला अधिकारी ने यौन उत्पीड़न और अवांछित व्यवहार के आरोप लगाए थे। इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी के बाद मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की सरकार और पार्टी की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
महिला पुलिस टीम ने आवास से किया गिरफ्तार
महिला IAS अधिकारी की शिकायत के बाद इंस्पेक्टर पी. भुवनेश्वरी के नेतृत्व में एक विशेष महिला पुलिस टीम ने कल्लाकुरिची की मजिस्ट्रेट कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट हासिल किया। इसके बाद शुक्रवार शाम करीब 6 बजे कल्लाकुरिची स्थित विधायक के आवास पर दबिश देकर उन्हें हिरासत में ले लिया गया।
#WATCH | Tamil Nadu | Police have arrested Tamilaga Vettri Kazhagam (TVK) MLA Arul Vignesh at his residence in Kallakurichi. He is being taken away in a police vehicle. He has been arrested in connection with alleged obscene messages to the District Collector. https://t.co/K9dEK25lg7
— ANI (@ANI) November 27, 2026
क्या हैं महिला IAS अधिकारी के गंभीर आरोप?
पीड़ित महिला IAS अधिकारी ने अपनी शिकायत में सत्ताधारी TVK विधायक अरुल विग्नेश पर यौन उत्पीड़न, आपत्तिजनक संदेश भेजने और गलत हरकतें करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की चार संबंधित धाराओं और तमिलनाडु महिला उत्पीड़न निषेध अधिनियम की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया है।इससे पहले 25 नवंबर को पुलिस ने विधायक के आवास पर समन भेजा था। हालांकि, अरुल विग्नेश ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे अपने खिलाफ एक राजनीतिक साजिश करार दिया है।
हाई कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद तेज हुई कार्रवाई
एक वरिष्ठ महिला अधिकारी से जुड़े इस संवेदनशील मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक और राजनीतिक दबाव लगातार बढ़ रहा था। मद्रास हाई कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद मामले की जांच की जिम्मेदारी तिरुपुर की एसपी सृष्टि सिंह को सौंपी गई है, जबकि आईजी एन. कामिनी पूरे मामले की निगरानी कर रही हैं। इसके अतिरिक्त, राज्य सरकार ने वरिष्ठ IAS अधिकारी ककरला उषा की अध्यक्षता में चार सदस्यीय आंतरिक शिकायत समिति (ICC) का भी गठन किया है।
मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की बढ़ी राजनीतिक परीक्षा
अपनी ही पार्टी के विधायक की यौन उत्पीड़न के मामले में गिरफ्तारी के बाद मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के सामने बड़ी राजनीतिक चुनौती खड़ी हो गई है। सियासी गलियारों में अब इस बात पर नजर टिकी है कि पारदर्शिता और महिला सुरक्षा का दावा करने वाले मुख्यमंत्री विजय आरोपी विधायक को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाते हैं या फिर जांच पूरी होने का इंतजार करते हैं।












