पुलिस पर हमला : एक्सीडेंट के बाद बौखलाये ग्रामीणों ने पुलिस पर बोला हमला, गाड़ियां फूंकी, 5 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल, SP ने संभाला मोर्चा
सड़क हादसे में बच्चे की मौत के बाद भीड़ भड़क गई। चालक को छुड़ाने गई पुलिस पर हमला हुआ, वाहन फूंका गया और पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए।

Accident News। सड़क हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस पर ही हमला बोल दिया। आक्रोशित ग्रामीणों के हमले से जहां 5 से ज्यादा ग्रामीण घायल हो गये, वहीं पुलिस की गाड़ी को भी आग के हवाले कर दिया गया। मामला बिहार के अररिया जिले की है, जहां बसमतिया थाना क्षेत्र अंतर्गत भैरोगंज में एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद इलाके में तनाव और बवाल की स्थिति पैदा हो गई। हादसे में बच्चे की मौत से आक्रोशित लोगों ने कार चालक को बंधक बना लिया। जब पुलिस चालक को छुड़ाने पहुंची, तो भीड़ ने पुलिस पर हमला बोल दिया और एक पुलिस वाहन समेत दो बाइकों को आग के हवाले कर दिया। इस हिंसक घटनाक्रम में पांच पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है।
सड़क हादसे में बच्चे की गई जान, चालक बंधक
मिली जानकारी के अनुसार, भैरोगंज में हुए सड़क हादसे में बेला पंचायत के वार्ड संख्या नौ निवासी मो. रोजीत के पुत्र मो. अली की मौत हो गई। घटना से गुस्साए सैकड़ों ग्रामीणों ने इंडो-नेपाल बॉर्डर रोड को जाम कर दिया और कार चालक रामकुमार मेहता (निवासी कोशकापुर, वीरपुर थाना क्षेत्र, जिला सुपौल) को मौके पर ही पकड़कर बंधक बना लिया।
छुड़ाने पहुंची पुलिस पर हमला, वाहन फूंके गए
मामले की सूचना मिलते ही बसमतिया थाना पुलिस और एसएसबी (SSB) के जवान घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों के चंगुल से चालक को मुक्त कराने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान भीड़ उग्र हो गई और स्थिति बेकाबू हो गई।
आक्रोशित भीड़ के हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि एक पुलिस वाहन और दो बाइक को आग के हवाले कर दिया गया। इस घटना में घूरना थाना के डायल 112 वाहन के चालक अजीत कुमार को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए सुपौल जिले के वीरपुर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य घायल पुलिसकर्मियों और कुछ ग्रामीणों का भी उपचार जारी है।
एसपी ने संभाली कमान, भारी पुलिस बल तैनात
बवाल और आगजनी की सूचना के बाद भैरोगंज इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। अररिया के एसपी जितेंद्र कुमार स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उनके साथ अररिया एसडीपीओ, फारबिसगंज एसडीपीओ समेत विभिन्न थानों की पुलिस मौके पर कैंप कर रही है और मामले की छानबीन की जा रही है।









