रांची: गैंगेस्टर की पत्नी होगी रांची से चाईबासा शिफ्ट, जेल आईजी के निर्देश के बाद रिया के ट्रांसफर की तैयारी शुरू

रांची। कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा को जेल से शिफ्ट किया जायेगा। रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार से रिया को चाईबासा मंडल कारा भेजने की तैयारी चल रही है। जेल आईजी के आदेश के बाद सुरक्षा और प्रशासनिक कारणों से यह निर्णय लिया गया है। जेल मैनुअल के हिसाब से जल्द इसे अमल में लाया जायेगा।
बताया जा रहा है कि जेल प्रशासन को स्थानांतरण संबंधी निर्देश प्राप्त हो चुके हैं और जल्द ही आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर रिया सिन्हा को चाईबासा जेल भेजा जाएगा। हाल के दिनों में रिया सिन्हा उस समय चर्चा में आई थीं, जब उन्होंने जेल के भीतर कथित साजिश रचे जाने तथा एक जेल पदाधिकारी पर शोषण के गंभीर आरोप लगाए थे। इन आरोपों के बाद मामला काफी सुर्खियों में रहा था।
गैंगेस्टर सुजीत की पत्नी है रिया सिन्हा
आपको बता दें कि रिया सिन्हा पर अपने पति और कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा के गिरोह के संचालन में सहयोग करने, रंगदारी और लेवी वसूली से जुड़े मामलों में संलिप्त रहने के आरोप हैं। विभिन्न आपराधिक मामलों में उनका नाम सामने आने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में रखा गया है।
जेल प्रशासन का मानना है कि चाईबासा मंडल कारा में स्थानांतरण के बाद उनकी गतिविधियों पर अधिक प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को भी और मजबूत किया जा सकेगा। अधिकारियों के अनुसार यह कदम जेल प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और सुरक्षा संबंधी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।
2025 में गिरफ्तार हुई थी रिया सिन्हा
आपको बता दें कि फिलहाल सुजीत सिन्हा, साहिबगंज जेल में बंद है. उस पर दर्जनों मामले दर्ज हैं। वहीं अब रिया भी चाईबासा शिफ्ट होगी। रिया सिन्हा पहले भी जेल जा चुकी है। अक्टूबर 2025 में प्रिंस खान गिरोह के कुछ अपराधियों की गिरफ्तारी रांची पुलिस के द्वारा की गई थी। जिसमें इस बात का खुलासा हुआ था कि सुजीत सिन्हा और प्रिंस खान गिरोह एक साथ काम कर रहे हैं और दोनों गैंग्स के बीच का माध्यम रिया सिन्हा है। मामला सामने आने के बाद रिया सिन्हा को रांची पुलिस द्वारा गिरफ्तार करके जेल भेजा गया था।फिलहाल रिया सिन्हा के स्थानांतरण की प्रक्रिया जारी है और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं।








