झारखंड- शिक्षक व पारा शिक्षक के ठिकानों पर छापा: JPSC Scam घोटाले में CID की ताबड़तोड़ रेड, JPSC शिक्षक के घर छापेमारी, मचा हड़कंप
Jharkhand – Raids on premises of teachers and para-teachers: CID conducts a series of rapid raids in connection with the JPSC scam; search operations at the homes of JPSC teachers spark a stir.

Jharkhand Breaking News। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षा में कथित धांधली की जांच कर रही झारखंड CID और पलामू पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार तड़के पलामू जिले में बड़ी कार्रवाई की। शिक्षक के ठिकानों पर CID की टीम ने दबिश दी है। टीम ने नौडीहा बाजार प्रखंड के गुलाबझरी गांव समेत कई ठिकानों पर करीब तीन घंटे तक सघन छापेमारी अभियान चलाया।
JPSC से नियुक्त शिक्षक के ठिकानों पर कार्रवाई
CID की टीम ने गुलाबझरी प्लस टू विद्यालय में पदस्थ शिक्षक संतोष कुमार सिंह के ठिकानों पर दबिश दी। संतोष सिंह की नियुक्ति JPSC के माध्यम से हुई थी। परिजनों के अनुसार, वह चार दिन पहले घर से बाहर गए थे और तब से वापस नहीं लौटे हैं।जांच टीम ने नौडीहा बाजार स्थित उनके पैतृक आवास के साथ-साथ मेदिनीनगर के बीएन कॉलेज रोड स्थित मकान पर भी एक साथ छापेमारी की।
पारा शिक्षक और अन्य के घर भी जांच
कार्रवाई के दौरान मेदिनीनगर के पांकी रोड स्थित बारालोटा निवासी रविशंकर कुमार के घर की भी तलाशी ली गई। संयुक्त टीम ने तलाशी के दौरान सरकारी शिक्षक और एक पारा शिक्षक से जुड़े कई दस्तावेज जब्त किए हैं।
प्रारंभिक जांच में मिले दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि JPSC परीक्षा में कथित सेटिंग और OMR शीट में हेराफेरी से जुड़े कुछ अहम सुराग इन दस्तावेजों से मिल सकते हैं।
राज्यभर में 20 से अधिक ठिकानों पर रेड
CID ने इस मामले में झारखंड के विभिन्न जिलों में 20 से अधिक ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। जांच एजेंसी को उम्मीद है कि इस सर्च ऑपरेशन से परीक्षा में कथित गड़बड़ी, पैसों के लेन-देन और OMR से जुड़े डिजिटल एवं दस्तावेजी साक्ष्य मिल सकते हैं।
अब तक 11 गिरफ्तार
JPSC परीक्षा धांधली मामले में CID अब तक उप परीक्षा नियंत्रक समेत 11 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, आयोग के पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांग्ते से भी लगातार पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही हैं।









