Jharkhand: थाना में दुष्कर्म मामला…पूरे थाने पर गिरी गाज, 15 पुलिसकर्मी सस्पेंड.. मुख्य आरोपी, मुंशी समेत 3 गिरफ्तार
गम्हरिया थाना दुष्कर्म कांड: 15 पुलिसकर्मी सस्पेंड, 3 गिरफ्तार, नया थानेदार नियुक्त

सरायकेला में थाना में दुष्कर्म मामले में पुलिस महकमे में हड़कंप, राजेश टुडू बने नए थाना प्रभारी; महिला फरियादियों की सुरक्षा को लेकर एसपी ने जारी किए सख्त निर्देश
सरायकेला-खरसावां: झारखंड के गम्हरिया थाना परिसर में महिला फरियादी के साथ कथित दुष्कर्म के मामले ने पुलिस विभाग में खलबली मचा दी है। जिस थाने में महिला शिकायत लेकर पहुंची थी, उसी परिसर में उसके साथ गंभीर अपराध होने का आरोप सामने आया है। मामले में पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए थाना प्रभारी समेत कुल 15 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। वहीं, मुख्य आरोपी वायरलेस ऑपरेटर नीरज लकड़ा सहित तीन पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की खबर है।
2 दिनों में 15 पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने पहले छह पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की थी। इसके बाद रविवार को नौ और पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। इनमें दो सब-इंस्पेक्टर, चार सहायक सब-इंस्पेक्टर, दो हवलदार और एक कांस्टेबल शामिल हैं।
निलंबित कर्मियों पर कर्तव्य में लापरवाही, अनुशासनहीनता और घटना की जानकारी समय पर वरीय अधिकारियों को नहीं देने जैसे आरोप हैं। इस कार्रवाई के बाद गम्हरिया थाना में तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका जांच के दायरे में आ गई है।
OD अधिकारी और मुंशी भी गिरफ्तार
इस मामले में मुख्य आरोपी वायरलेस ऑपरेटर नीरज लकड़ा को पहले गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद OD यानी ड्यूटी अधिकारी मनोज कुमार साहू और मुंशी सह आरक्षी संतोष कुमार राय की गिरफ्तारी हुई। इस तरह मामले में अब तक तीन पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी की खबर है।
पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। टीम की अगुवाई सरायकेला के एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज कर रहे हैं। जांच में घटना के दौरान थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका, कथित लापरवाही और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देने में हुई देरी जैसे बिंदुओं की पड़ताल की जा रही है।
जानिए क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29 अक्टूबर की रात करीब 20 वर्षीय महिला घरेलू विवाद के बाद शिकायत और मदद के लिए गम्हरिया थाना पहुंची थी। आरोप है कि थाने में तैनात वायरलेस ऑपरेटर ने उसे मदद का भरोसा देकर परिसर के एक कमरे में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
महिला की शिकायत सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की जांच के लिए SIT गठित की गई और संबंधित घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। जांच से जुड़े साक्ष्य सुरक्षित रखने के लिए कमरे को सील किए जाने की भी खबर है। मामले में आरोपों की कानूनी जांच जारी है।
राजेश टुडू को मिली गम्हरिया थाना की कमान
घटना के बाद तत्कालीन थाना प्रभारी संजय प्रसाद को निलंबित कर दिया गया। इसके बाद इंस्पेक्टर राजेश टुडू को गम्हरिया थाना का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने पदभार संभाल लिया है।
एसपी मनोज स्वर्गियारी ने थाने पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और संबंधित पुलिसकर्मियों से अलग-अलग पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जांच में किसी भी पुलिसकर्मी की संलिप्तता या लापरवाही सामने आने पर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सभी थानों को सख्त निर्देश, महिला सुरक्षा पर जोर
गम्हरिया की घटना के बाद एसपी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को पुलिसकर्मियों की ड्यूटी, अनुशासन और थानों की निगरानी को लेकर निर्देश दिए हैं। महिला फरियादियों की शिकायतों को प्राथमिकता से सुनने और बिना अनावश्यक देरी के कार्रवाई करने पर जोर दिया गया है।












