शिक्षा विभाग प्रमोशन ब्रेकिंग : DEO समेत 22 अधिकारियों को मिला प्रमोशन, राज्य सरकार ने जारी की अधिसूचना, देखिये किन-किन अफसरों को मिला प्रमोशन
Education Department Promotion Update: 22 officials, including the DEO, have been promoted; the state government has issued a notification. See the list of officers who received the promotion.

रांची। झारखंड के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने शिक्षा विभाग के 22 पदाधिकारियों को प्रमोशन दिया है। इनमें कई जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) और जिला शिक्षा अधीक्षक शामिल हैं। विभाग की ओर से सोमवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई। प्रमोशन के बाद अधिकारियों को उप निदेशक और जिला शिक्षा पदाधिकारी के समकक्ष पदों पर पदस्थापित किया गया है।प्रमोशन के साथ इन अधिकारियों के वेतनमान में भी बढ़ोतरी हुई है। इनका वेतनमान पे मैट्रिक्स लेवल-9 से बढ़कर लेवल-11 हो गया है। विभाग के इस फैसले से शिक्षा विभाग के अधिकारियों को बड़ी प्रशासनिक और वित्तीय राहत मिली है।
इन अधिकारियों को मिला प्रमोशन
प्रमोशन पाने वाले अधिकारियों में कई जिलों में कार्यरत जिला शिक्षा पदाधिकारी भी शामिल हैं। इनमें बोकारो के DEO प्रवीण रंजन, पश्चिमी सिंहभूम के प्रिंस कुमार, रामगढ़ के अभय कुमार शील, हजारीबाग की कुमारी नीलम, पूर्वी सिंहभूम की निशु कुमारी और गिरिडीह के विनय कुमार शामिल हैं।
इसके अलावा सिमडेगा के मिथिलेश केरकेट्टा, रांची के मो. वसीम अहमद, देवघर के बिनोद कुमार, साहिबगंज के नयन कुमार, लोहरदगा की दास सुनंदा चन्द्रमौलेश्वर, दुमका के संजीत कुमार, कोडरमा के मुकुल राज, जामताड़ा के चार्ल्स हेम्ब्रम, पाकुड़ की अनिता पुरती और गोड्डा की मिथिला टुडू को भी प्रमोशन दिया गया है।
प्रमोशन के बाद भी कुछ अधिकारी मौजूदा पद पर रहेंगे
विभागीय आदेश के अनुसार कुछ अधिकारियों को प्रमोशन मिलने के बाद भी उनके वर्तमान पद पर ही बनाए रखा गया है। इनमें DIET पाकुड़ के प्राचार्य संतोष गुप्ता, झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के प्रशासी पदाधिकारी मनोज कुमार और DIET चाकुलिया के प्राचार्य टोनी प्रेमराज टोप्पो शामिल हैं।इन अधिकारियों की वर्तमान पदस्थापना को प्रशासनिक जरूरतों के अनुसार जारी रखा गया है।
तीन जिला शिक्षा अधीक्षकों का पद अपग्रेड
जिला शिक्षा अधीक्षक के पद पर कार्यरत अतुल कुमार चौबे, दीपक राम और आशीष कुमार हेम्ब्रम के मौजूदा पद को उनकी पदस्थापन अवधि तक अपग्रेड किया गया है।इससे इन अधिकारियों को वर्तमान पद पर रहते हुए प्रमोशन के अनुरूप पद की स्थिति का लाभ मिल सकेगा।
सेवानिवृत्त अधिकारी को भी मिला नोशनल प्रमोशन
विभाग ने सेवानिवृत्त उप निदेशक जयन्त कुमार मिश्र को भी नोशनल प्रमोशन दिया है। उन्हें 30 जनवरी 2026 से प्रमोशन का लाभ दिया गया है।यह लाभ उनके जूनियर अधिकारी को मिली प्रोन्नति की तारीख के आधार पर दिया गया है। हालांकि, इसका वास्तविक वित्तीय लाभ नए पद का प्रभार लेने की तारीख से लागू होगा।
नए पद का प्रभार लेने के बाद मिलेगा वित्तीय लाभ
विभागीय अधिसूचना के मुताबिक प्रमोशन के बाद अधिकारियों को वास्तविक वित्तीय लाभ नए पद का प्रभार ग्रहण करने की तारीख से मिलेगा।इसके लिए विभाग ने झारखंड सेवा संहिता और झारखंड वित्त नियमावली के संबंधित नियमों का हवाला दिया है। आदेश राज्यपाल के नाम से जारी किया गया है।
शिक्षा विभाग के इस प्रमोशन आदेश के बाद अधिकारियों की जिम्मेदारियों और वेतनमान में बदलाव होगा। वहीं, जिन अधिकारियों को नए पदों पर पदस्थापित किया गया है, उन्हें संबंधित प्रशासनिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा।












