..जब युवक मोबाइल टावर पर चढ़कर कूदने की देने लगा धमकी, जमीन विवाद से परेशान युवक का CO पर गंभीर आरोप, पुलिस होती रही परेशान….
...When a young man climbed a mobile tower and threatened to jump; distressed over a land dispute, he leveled serious allegations against the Circle Officer (CO), leaving the police in a difficult situation...

चतरा/मयूरहंड: अधिकारियों की नाकामी से नाराज एक युवक जान देने पर उतारू हो गया। मामला चतरा जिले के मयूरहंड इलाके का है। जहां मयूरहंड अंचल में जमीन विवाद को लेकर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक अपनी जमीन पर कथित अतिक्रमण से परेशान होकर करीब 40 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया।
युवक ने चेतावनी दी कि यदि उसकी जमीन को अतिक्रमण मुक्त नहीं कराया गया, तो वह टावर से कूदकर अपनी जान दे देगा। घटना के बाद मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई।टावर पर चढ़े युवक की पहचान मयूरहंड थाना क्षेत्र के पाचघारा निवासी मनोरंजन सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मनोरंजन सिंह करमा स्थित एक मोबाइल टावर पर चढ़ गए और नीचे उतरने से इनकार कर दिया।
जमीन पर जबरन कब्जे का लगाया आरोप
मनोरंजन सिंह का आरोप है कि उनकी जमीन पर कुछ दबंग लोगों द्वारा जबरन कब्जा कर घर का निर्माण कराया जा रहा है। उनके अनुसार, जमीन विवाद को लेकर प्रशासनिक स्तर पर शिकायत भी की गई थी। उनका दावा है कि चतरा एसडीओ जहूर आलम ने मामले में काम रुकवाने के लिए सख्त आदेश दिया था, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य नहीं रुका।
युवक का आरोप है कि मयूरहंड अंचलाधिकारी (CO) मनीष कुमार निर्माण कार्य को रोकने में नाकाम रहे। उसके मुताबिक, कथित अतिक्रमणकारियों ने जमीन पर दीवार खड़ी कर ली है और अब भवन की ढलाई की तैयारी चल रही है। इसी बात से नाराज होकर उसने मोबाइल टावर पर चढ़ने का फैसला किया।
मनोरंजन सिंह ने अपनी जान को खतरा बताते हुए इसके लिए सीधे तौर पर अंचलाधिकारी को जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि, जमीन विवाद और लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
पुलिस युवक को समझाने में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही मयूरहंड थाना प्रभारी राहुल दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने टावर पर चढ़े युवक से लगातार बातचीत कर उसे सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। पुलिस की कोशिश है कि युवक को समझाकर बिना किसी नुकसान के नीचे उतारा जाए।
इधर, घटना की जानकारी फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इससे इलाके में तनाव और गहमागहमी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग भी युवक को नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास कर रहे हैं।
CO के मौके पर नहीं पहुंचने से उठे सवाल
घटना के दौरान सबसे ज्यादा चर्चा इस बात को लेकर रही कि युवक ने प्रशासनिक अधिकारी पर गंभीर आरोप लगाए, लेकिन खबर लिखे जाने तक मयूरहंड अंचलाधिकारी मनीष कुमार घटनास्थल पर नहीं पहुंचे थे। ऐसे में स्थानीय स्तर पर प्रशासन की भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले को शांत कराने और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने में जुटी है। जमीन विवाद से जुड़े आरोपों की जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।










