रांची: मंगेतर ने फोन पर अचानक शादी के लिए कर दी ना, टेंशन में युवती ने कर ली आत्महत्या, पिता ने अंजन चौधरी समेत 4 पर दर्ज करायी FIR
रांची के न्यू पुंदाग में युवती विजयश्री नायक की मौत के मामले में अंजन चौधरी समेत 4 पर FIR दर्ज हुई है। पिता ने शादी से इनकार, मानसिक प्रताड़ना और दहेज मांग का आरोप लगाया।

रांची। राजधानी रांची के न्यू पुंदाग ओपी क्षेत्र में एक युवती की आत्महत्या के मामले ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। श्रीराम पथ स्थित मकान में विजयश्री नायक का शव मिलने के बाद उसके पिता विजय शंकर नायक ने अंजन चौधरी, उसके माता-पिता ललन प्रसाद चौधरी और रीता चौधरी समेत एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 108, 3(5) और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 व 4 के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों, कथित सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
शादी की बातचीत के बाद बिगड़ी स्थिति
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, विजयश्री बेंगलुरु की एक कंपनी में सीनियर एग्जीक्यूटिव के पद पर काम करती थी। अंजन चौधरी के साथ उसकी शादी को लेकर बातचीत चल रही थी। दोनों परिवारों के स्तर पर भी शादी की चर्चा आगे बढ़ी थी।पिता का आरोप है कि 14 सितंबर 2026 को अंजन ने फोन पर शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद विजयश्री ने रिश्ता बचाने की कोशिश की। उसकी बहन और पिता ने भी अंजन से बातचीत कर उसे समझाने का प्रयास किया।
पिता ने 1 घंटे 22 मिनट तक की थी बात
शिकायत के मुताबिक, 17 सितंबर की रात विजयश्री के पिता ने अंजन से करीब 1 घंटे 22 मिनट तक फोन पर बातचीत की। उन्होंने शादी के लिए उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि अंजन अपने फैसले पर कायम रहा।पिता का दावा है कि इसके बाद विजयश्री तनाव में रहने लगी। परिवार की ओर से अंजन के माता-पिता से भी संपर्क कर स्थिति संभालने की कोशिश की गई।
बेंगलुरु से रांची आई थी विजयश्री
पिता के अनुसार, तनाव के बीच विजयश्री ने रांची आने की इच्छा जताई थी। वह 18 सितंबर की रात करीब 8 बजे बेंगलुरु से रांची पहुंची।इसी दौरान उसकी छोटी बहन भाग्यश्री, जो उसी दिन पुणे गई थी, ने रात में विजयश्री को फोन किया। फोन रिसीव नहीं होने पर उसने पिता को जानकारी दी और घर जाकर देखने को कहा।
घर में मिला शव, अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
शिकायत के अनुसार, सूचना मिलने के बाद पिता करीब सुबह 4 बजे घर पहुंचे। वहां विजयश्री का शव मिला। पुलिस को सूचना दी गई और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।पुलिस को विजयश्री द्वारा छोड़े गए कथित सुसाइड नोट की प्रति भी उपलब्ध कराई गई है। पिता ने इसकी मूल प्रति और हस्तलेख की फोरेंसिक जांच कराने की मांग की है।
दहेज मांगने का भी लगाया आरोप
मृतका के पिता ने अपनी शिकायत में अंजन और उसके परिवार पर शादी के सिलसिले में दहेज की मांग और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि शादी को लेकर पहले भी विवाद की स्थिति बनी थी और बाद में अंजन की ओर से शादी से इनकार कर दिया गया।पिता के अनुसार, शादी की तैयारियों के लिए गूगल-पे के जरिए एक लाख रुपये एडवांस भी दिए गए थे।
सुसाइड नोट की जांच पर टिकी पुलिस की कार्रवाई
पुलिस अब कथित सुसाइड नोट, बैंकिंग लेन-देन, फोन कॉल और शिकायत में लगाए गए आरोपों समेत अन्य पहलुओं की जांच करेगी। पिता ने नोट में उल्लिखित कथित घटनाओं और पैसों से जुड़े आरोपों की भी निष्पक्ष जांच की मांग की है।पुंदाग ओपी में दर्ज FIR संख्या 302/2026 की जांच की जिम्मेदारी एसआई बुलेट गोराई को दी गई है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।












