झारखंड: देर रात भीषण सड़क हादसा, तीन दोस्तों को गयी जान, सभी एक ही गांव के रहने वाले…

सरायकेला-खरसावां/पुरुलिया: देर रात एक भीषण सड़क हादसे की खबर आ रही है। पुरुलिया-जमशेदपुर NH-18 पर हादसे में एक ही बाइक पर सवार तीन युवकों की मौत हो गई। हादसा झारखंड-बंगाल सीमा से सटे पश्चिम बंगाल के बलरामपुर थाना क्षेत्र में दांतिया आउटपोस्ट के पास हुआ। तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे में जुगिलांग गांव निवासी शिवम गोप और लुकास गोप की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल सपन गोप ने इलाज के दौरान पुरुलिया सदर अस्पताल में दम तोड़ दिया।
छाता मेला देखने गए थे तीनों दोस्त
जानकारी के मुताबिक, जुगिलांग गांव के शिवम गोप, लुकास गोप और सपन गोप एक ही बाइक से पुरुलिया जिले के बलरामपुर स्थित छाता मेला देखने गए थे। तीनों ने वहां पनामा सर्कस भी देखा।देर रात मेला देखने के बाद तीनों बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान मालती चेकपोस्ट के पास उनकी बाइक हादसे का शिकार हो गई।
तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर
बताया जा रहा है कि इसी दौरान जमशेदपुर की ओर से पश्चिम बंगाल की तरफ जा रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। शिवम और लुकास ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि सपन को गंभीर हालत में पुरुलिया सदर अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
हादसे के बाद कार चालक फरार
दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पश्चिम बंगाल पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।पुलिस अब हादसे में शामिल वाहन की पहचान और फरार चालक की तलाश में जुटी है।
इसके लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।नीमडीह थाना प्रभारी डीलशन बिरुवा के मुताबिक, पश्चिम बंगाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना में शामिल वाहन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार सवार दो लोग भी गंभीर रूप से घायल
इस हादसे में चार पहिया वाहन में सवार बलरामपुर निवासी एकलाख हाशमी और तासीम अंसारी भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।पुलिस हादसे में शामिल दोनों वाहनों की जानकारी जुटा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों और वाहन में सवार लोगों से पूछताछ कर टक्कर की परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
एक ही गांव के तीन घरों में छाया मातम
एक ही गांव के तीन युवकों की एक साथ मौत की खबर से जुगिलांग गांव में मातम पसरा हुआ है। मेले की खुशी के बाद घर लौट रहे तीन परिवारों को एक साथ मिली इस दर्दनाक खबर ने पूरे गांव को झकझोर दिया।पुलिस अब हादसे की परिस्थितियों, तेज रफ्तार वाहन और फरार चालक की भूमिका की जांच कर रही है।











