VIDEO…फूट-फूटकर काफी देर तक रोते रहे मुख्यमंत्री, मां को आखिरी बार निहारते रहे हेमंत सोरेन, छलकते आंसुओं ने बयां किया बेटे का असहनीय दर्द
VIDEO... The Chief Minister wept inconsolably for a long time; Hemant Soren gazed at his mother one last time, his overflowing tears revealing a son's unbearable anguish.

रांची। मां… यह सिर्फ एक रिश्ता नहीं, बल्कि जीवन की वह छांव है, जिसके नीचे इंसान हर मुश्किल से लड़ने का हौसला पाता है। जब यही छांव सिर से उठ जाती है, तो शब्द भी साथ छोड़ देते हैं। कुछ ऐसा ही भावुक और बेहद मार्मिक दृश्य रांची के मोरहाबादी स्थित मुख्यमंत्री आवास पर देखने को मिला, जहां झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी मां स्वर्गीय रूपी सोरेन के निधन के बाद गहरे शोक में डूबे नजर आए।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता स्वर्गीय रूपी सोरेन को आज अंतिम विदाई दी गई। मोरहाबादी स्थित आवास से उनका पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए पैतृक गांव नेमरा, रामगढ़ रवाना हुआ। बड़ी संख्या में नेता, समर्थक और परिजन अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। 🙏
#RupiSoren #HemantSoren #Nemra https://t.co/mMwk3CAEAK
— Jharkhand Updates (@JhUpdate) October 8, 2026
मां के पार्थिव शरीर को सामने देखकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कई बार अपने आंसू नहीं रोक सके। वह फूट-फूटकर रो पड़े। कभी मां के पार्थिव शरीर को एकटक निहारते, तो कभी भावनाओं के सैलाब में खुद को संभालने की कोशिश करते दिखाई दिए। मुख्यमंत्री को इस तरह टूटता देख वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
मोरहाबादी स्थित आवास पर चारों ओर गम का माहौल था। जिस घर में आम दिनों में लोगों की आवाजाही और राजनीतिक गतिविधियां रहती हैं, वहां बुधवार को सन्नाटा और मातम पसरा रहा। मां को अंतिम विदाई देने पहुंचे लोग मुख्यमंत्री और उनके परिवार को ढांढस बंधाते नजर आए।
अंतिम दर्शन के लिए उमड़ा पूरा झारखंड
स्वर्गीय रूपी सोरेन के अंतिम दर्शन और उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए मोरहाबादी आवास पर लोगों का तांता लगा रहा। राज्य के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे नेताओं, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम लोगों ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
झारखंड की राजनीति के कई दिग्गज भी मुख्यमंत्री के आवास पहुंचे। राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व उपमुख्यमंत्री, पूर्व मंत्री और प्रशासनिक अधिकारी समेत बड़ी संख्या में लोगों ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने दी श्रद्धांजलि
झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार भी मोरहाबादी स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। उन्होंने स्वर्गीय रूपी सोरेन के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।राज्यपाल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए ईश्वर से शोक संतप्त परिवार को इस कठिन और असहनीय समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की कामना की।
मां के जाने का दर्द चेहरे पर साफ दिखा
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के लिए यह सिर्फ एक पारिवारिक क्षति नहीं, बल्कि जीवन की सबसे बड़ी पीड़ाओं में से एक है। मां के पार्थिव शरीर के पास खड़े मुख्यमंत्री का चेहरा उस दर्द को बयां कर रहा था, जिसे शब्दों में समेट पाना संभव नहीं।
राजनीति के कठिन संघर्षों के बीच हमेशा मजबूती से खड़े रहने वाले हेमंत सोरेन इस बार मां की ममता के सामने खुद को संभाल नहीं पाए। मां को अंतिम बार देखते हुए उनकी आंखों से छलकते आंसू वहां मौजूद हर व्यक्ति को भावुक कर गए।
एक मां का जाना, पूरे झारखंड को शोक में डुबो गया
रूपी सोरेन के निधन से सोरेन परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके निधन की खबर के बाद झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में शोक की लहर है। बड़ी संख्या में लोग परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
मां का जाना किसी भी संतान के लिए ऐसा खालीपन छोड़ जाता है, जिसे समय भी पूरी तरह नहीं भर पाता। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आंसुओं में उस अपूरणीय क्षति का दर्द साफ दिखाई दिया।
मोरहाबादी आवास पर उमड़ी भीड़ सिर्फ एक राजनीतिक परिवार के प्रति संवेदना जताने नहीं पहुंची थी, बल्कि एक बेटे के उस दुख में सहभागी बनने पहुंची थी, जिसने अपनी मां की छांव हमेशा के लिए खो दी।आज मोरहाबादी में सियासत पीछे थी और मां की ममता का दर्द सबसे आगे। हर आंख नम थी, हर चेहरा उदास था और हर जुबान पर स्वर्गीय रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि थी।












