Ranchi T20: मैदान पर चौके-छक्के, होटल में झारखंडी स्वाद! भारतीय-वेस्टइंडीज खिलाड़ी चखेंगे काला चना, मडुआ रोटी और कतला मछली, सखुआ के पत्ते वाली थाली में परोसा जायेगा खाना
Ranchi T20: Boundaries and sixes on the field, the taste of Jharkhand at the hotel! Indian and West Indies players will savor *kala chana* (black gram), *madua roti* (finger millet flatbread), and *katla* fish; the meal will be served on plates made of *sakhua* leaves.

रांची। रांची में क्रिकेट का रोमांच शुरू होने वाला है। जेएससीए स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को होने वाले टी-20 मुकाबले को लेकर जहां मैदान पर मुकाबला देखने के लिए फैंस उत्साहित हैं, वहीं खिलाड़ियों के लिए होटल में भी खास तैयारियां चल रही हैं। अलग-अलग पकवान खिलाड़ियों के लिए तैयार किये गये हैं।
इस बार खिलाड़ियों को सिर्फ क्रिकेट का रोमांच ही नहीं, बल्कि झारखंड के स्थानीय स्वाद का अनुभव भी मिलने वाला है। रांची पहुंच चुकी दोनों टीमों के लिए होटल रेडिशन ब्लू में ऐसा मेन्यू तैयार किया गया है, जिसमें फिटनेस और हाई प्रोटीन डाइट के साथ झारखंडी व्यंजनों को भी खास जगह दी गई है।
खिलाड़ियों की थाली में क्या होगा खास?
मैच से पहले खिलाड़ियों के लिए तैयार किए गए मेन्यू में झारखंड के पारंपरिक व्यंजनों को शामिल किया गया है। काला चना, छिलका और मडुआ रोटी जैसे स्थानीय व्यंजन खिलाड़ियों की थाली का हिस्सा होंगे।
स्थानीय स्वाद को और खास बनाने के लिए कतला मछली से तैयार किए जाने वाले कई व्यंजन भी मेन्यू में रखे गए हैं। इसके अलावा चिकन की अलग-अलग वेरायटी भी खिलाड़ियों को परोसी जाएगी।यानी होटल की थाली में एक तरफ झारखंड का देसी स्वाद होगा तो दूसरी तरफ खिलाड़ियों की फिटनेस का पूरा ख्याल रखा जाएगा।
स्वाद के साथ फिटनेस का भी पूरा ध्यान
क्रिकेट खिलाड़ियों की डाइट आम लोगों से काफी अलग होती है। मैच और अभ्यास के दौरान शरीर को पर्याप्त ऊर्जा और प्रोटीन की जरूरत होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए होटल की ओर से हाई प्रोटीन और पौष्टिक भोजन पर विशेष फोकस किया गया है।खिलाड़ियों के लिए संतुलित डाइट तैयार की गई है, ताकि स्वाद के साथ उनकी फिटनेस और रिकवरी का भी ध्यान रखा जा सके।
झारखंडी थाली से लेकर कॉन्टिनेंटल फूड तक
खिलाड़ियों के मेन्यू में सिर्फ स्थानीय व्यंजन ही नहीं होंगे। उनकी पसंद और डाइट की जरूरत को देखते हुए कॉन्टिनेंटल फूड भी उपलब्ध कराया जाएगा।मिलेट्स ब्रेड को भी मेन्यू में जगह दी गई है।
यानी खिलाड़ियों के सामने स्थानीय झारखंडी स्वाद से लेकर आधुनिक कॉन्टिनेंटल फूड तक कई विकल्प मौजूद रहेंगे।खास बात यह है कि अगर किसी खिलाड़ी को मेन्यू में शामिल भोजन के अलावा अपनी पसंद का कुछ खाना हो, तो होटल की किचन टीम उसकी डिमांड के अनुसार भोजन तैयार करने की व्यवस्था भी करेगी।
सखुआ के पत्ते पर परोसी जाएगी झारखंडी थाली!
अब इस पूरी तैयारी में सबसे दिलचस्प बात सामने आती है। झारखंडी व्यंजनों को खिलाड़ियों के सामने सिर्फ प्लेट में परोसने की बजाय खास अंदाज में पेश करने की तैयारी है।
सूत्रों के अनुसार, झारखंडी थाली को सखुआ के पत्ते पर परोसने की तैयारी की जा रही है। इसका मकसद खिलाड़ियों को स्थानीय भोजन के साथ झारखंड की संस्कृति और प्राकृतिक परिवेश से भी रूबरू कराना है।क्रिकेट के सितारों के लिए यह अनुभव मैदान से बाहर भी यादगार हो सकता है।
मैदान पर मुकाबला, थाली में झारखंड की पहचान
रांची में होने वाला यह मुकाबला क्रिकेट फैंस के लिए तो खास है ही, लेकिन खिलाड़ियों के लिए भी शहर का अनुभव कुछ अलग रहने वाला है।मैदान पर जहां भारत और वेस्टइंडीज के बीच बल्ले और गेंद का मुकाबला होगा, वहीं होटल में खिलाड़ियों को झारखंड के पारंपरिक स्वाद से परिचित कराने की तैयारी है।काला चना, मडुआ रोटी, छिलका और कतला मछली जैसे व्यंजनों के साथ सखुआ के पत्ते पर सजी झारखंडी थाली—रांची का यह स्वाद खिलाड़ियों को कितना पसंद आता है, यह देखना भी दिलचस्प होगा।












