रांची में तेज बारिश जारी : झारखंड के कई जिलों तेज हवा के साथ बारिश, 6 अप्रैल तक बारिश की चेतावनी
Heavy Rain Continues in Ranchi: Rain Accompanied by Strong Winds in Several Districts of Jharkhand; Rain Alert Issued Until April 6.

झारखंड में मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग ने 4 से 6 अप्रैल तक कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवा और वज्रपात की आशंका जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
________________________________________
Jharkhand Weather Update। झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। शुक्रवार को दिनभर आंशिक बादल छाए रहने के बाद शाम के समय रांची और कोडरमा में तेज हवा के साथ बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से हल्की राहत मिली। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि यह बदलाव अभी जारी रहेगा और आने वाले दिनों में इसका असर और ज्यादा देखने को मिलेगा।मौसम विभाग ने 4 अप्रैल से 6 अप्रैल तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश और आंधी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
इन जिलों में बारिश और तेज हवा की चेतावनी
पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।
रविवार और सोमवार को और बढ़ेगा असर
मौसम विभाग के अनुसार 5 और 6 अप्रैल यानी रविवार और सोमवार को मौसम का असर और तेज हो सकता है। इस दौरान कई इलाकों में लगातार बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। हवा की गति बढ़कर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जिससे पेड़ गिरने, बिजली बाधित होने और अन्य नुकसान की आशंका बनी हुई है।
अप्रैल में रिकॉर्ड तोड़ सकती है गर्मी
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अप्रैल महीने में मौसम का उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। पहले सप्ताह में बारिश के कारण थोड़ी राहत जरूर मिलेगी, लेकिन इसके बाद तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होने की संभावना है। पिछले 10 वर्षों के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2016 में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जिसे इस बार पार किया जा सकता है। महीने के दूसरे और तीसरे सप्ताह में गर्मी अपने चरम पर हो सकती है और हीट वेव जैसी स्थिति भी बन सकती है।
तापमान और वर्षा का हाल
बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई है। सबसे अधिक 5 मिमी वर्षा रामगढ़ में रिकॉर्ड की गई। वहीं अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस सरायकेला में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस गुमला में रहा।मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें, पेड़ों के नीचे खड़े न हों और बिजली कड़कने के समय सुरक्षित स्थान पर रहें।








