झारखंड अग्निवीर के लिए परीक्षा की तारीख का ऐलान, जानिये कब होगी परीक्षा, कब से एडमिट कर पायेंगे अपलोड
Jharkhand Agniveer exam date announced; find out when the exam will be held and when admit cards will be uploaded.

रांची/13.5.26। भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए जरूरी अपडेट है। सेना भर्ती कार्यालय रांची ने अग्निवीर भर्ती वर्ष 2026 के लिए आयोजित होने वाली कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन (CEE) की तिथियों की घोषणा कर दी है। ये भर्ती परीक्षा 1 जून से 15 जून 2026 तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा ऑनलाइन माध्यम से विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर ली जाएगी।
सूचना के अनुसार यह परीक्षा उन सभी पात्र अभ्यर्थियों के लिए आयोजित की जाएगी, जिन्होंने अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर ली है। सेना भर्ती कार्यालय ने बताया कि परीक्षा से संबंधित एडमिट कार्ड जल्द ही Join Indian Army की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को नियमित रूप से वेबसाइट चेक करने की सलाह दी गई है ताकि एडमिट कार्ड जारी होते ही उसे डाउनलोड किया जा सके।
भर्ती कार्यालय के अनुसार परीक्षा का आयोजन एडमिट कार्ड में अंकित तिथि, समय और परीक्षा केंद्र के अनुसार किया जाएगा। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचना अनिवार्य होगा। साथ ही परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रिंटेड एडमिट कार्ड, मूल फोटो पहचान पत्र, हालिया पासपोर्ट साइज फोटो तथा एडमिट कार्ड में उल्लेखित अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लाना जरूरी होगा।
सेना भर्ती कार्यालय ने उम्मीदवारों से कहा है कि वे एडमिट कार्ड पर दिए गए सभी दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें और उनका पालन करें। परीक्षा केंद्र में किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन की स्थिति में अभ्यर्थी को परीक्षा से वंचित किया जा सकता है।
अधिकारियों ने बताया कि अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और मेरिट आधारित होती है। इसी के तहत अभ्यर्थियों को दलालों और फर्जी एजेंटों से सतर्क रहने की सलाह दी गई है। सेना भर्ती कार्यालय ने स्पष्ट कहा है कि भारतीय सेना में चयन केवल उम्मीदवार की योग्यता, प्रदर्शन और निर्धारित चयन प्रक्रिया के आधार पर किया जाता है। किसी भी व्यक्ति द्वारा नौकरी दिलाने या चयन सुनिश्चित कराने के नाम पर पैसे मांगने की स्थिति में अभ्यर्थियों को तुरंत इसकी शिकायत करने के लिए कहा गया है।








