झारखंड: पुलिस-नक्सली मुठभेड़, सर्चिंग आपरेशन के दौरान जवानों व नक्सलियों जबरदस्त गोलीबारी, नक्सली मौके से हुए फरार, काफी सामान बरामद…
Jharkhand: Police-Naxalite encounter; heavy exchange of fire between jawans and Naxalites during search operation; Naxalites escape from the spot; considerable material recovered...

रांची/चाईबासा। देश से नक्सलवाद के खत्म होने का दावा भले ही केंद्र सरकार कर रही हो, लेकिन झारखंड में अभी भी नक्सलियों की मजबूत दस्तक रह-रहकर सुनायी पड़ती है। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में मंगलवार को सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। बताया जा रहा है कि सोनुवा थाना क्षेत्र के केडबीर जंगल में सर्च अभियान के दौरान नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद दोनों ओर से काफी देर तक गोलीबारी होती रही।
जवानों को मुठभेड़ के दौरान भारी पड़ता देख नक्सली जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। घटनास्थल से सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले कई सामान बरामद किए हैं। फिलहाल पूरे इलाके में बड़े पैमाने पर सर्च अभियान जारी है। बताया जा रहा है कि झारखंड पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों द्वारा सारंडा और चाईबासा के जंगलों में नक्सलियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत मंगलवार को कोबरा 209 बटालियन और पुलिस के जवान सोनुवा तथा गोइलकेरा थाना क्षेत्र के घने जंगलों में सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। इसी दौरान केडबीर जंगल में जवानों का सामना नक्सलियों के एक दस्ते से हो गया। जंगल में छिपे नक्सलियों के संतरी ने सुरक्षाबलों की गतिविधि देख अपने साथियों को सतर्क कर दिया। इसके तुरंत बाद नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी।
अचानक हुई गोलीबारी के बाद सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। दोनों तरफ से काफी देर तक ताबड़तोड़ गोलियां चलती रहीं, जिससे पूरे जंगल में तनाव का माहौल बन गया।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई के बाद नक्सली खुद को घिरता देख अपना सामान छोड़कर जंगल के अंदर भाग निकले। मुठभेड़ के बाद घटनास्थल की तलाशी लेने पर वहां से नक्सलियों के रोजमर्रा के उपयोग के कई सामान बरामद किए गए हैं।
हालांकि अब तक किसी नक्सली के मारे जाने या घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। झारखंड पुलिस के आईजी अभियान नरेंद्र सिंह ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस और नक्सलियों के बीच एक्सचेंज ऑफ फायरिंग हुई है। उन्होंने कहा कि इलाके में अभी भी सर्च अभियान जारी है और सुरक्षाबल हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं। बरामद सामानों की जांच की जा रही है और नक्सलियों की गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सारंडा और चाईबासा के जंगलों को नक्सलियों का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। पिछले कुछ समय से सुरक्षा बल लगातार अभियान चलाकर नक्सलियों के नेटवर्क को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। इसी वजह से नक्सली संगठन भी लगातार स्थान बदलते रहते हैं और जंगलों में छोटे-छोटे दस्तों में सक्रिय हैं।









