close
LIVE UPDATE

झारखंड में आज-कल बारिश का अलर्ट, तेज हवाओं के साथ होगी बारिश, इन जिलों के लिए जारी हुई मौसम विभाग की चेतावनी

रांची। झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। गुरुवार को हुई बारिश की बूंदाबांदी और आंधी-तूफान के बाद एक बार फिर प्रदेश में उमस और गर्मी बढ़ गयी है। एक तरफ दिन में भीषण गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर रही है, तो दूसरी ओर मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं की संभावना जताई है। शुक्रवार (5 जून) को रांची समेत कई जिलों में दोपहर बाद मौसम बदल सकता है।

आज इन जिलों में बारिश और तेज हवाओं के आसार

मौसम विभाग ने 5 जून को राज्य के उत्तर-पश्चिमी और आसपास के मध्य भागों को छोड़कर अधिकांश क्षेत्रों में वज्रपात और तेज हवाओं की संभावना जताई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। रांची समेत कई जिलों में हल्की बारिश होने की भी संभावना है।मौसम विभाग के अनुसार दोपहर बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है और कुछ क्षेत्रों में गरज के साथ बारिश हो सकती है।

6 जून को भी जारी रहेगा मौसम का असर

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 6 जून को राज्य में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान में कुछ कमी आ सकती है और लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।

7 और 8 जून को भी बारिश के संकेत

7 जून को झारखंड के दक्षिणी और मध्य भागों में कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं 8 जून को राज्य के पूर्वी और निकटवर्ती मध्य भागों में वज्रपात और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है।मौसम विभाग ने बताया है कि इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।

झारखंड में मानसून आने में अभी लगेगा समय

हालांकि केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दस्तक दे दी है, लेकिन झारखंड के लोगों को अभी कुछ और दिनों तक इंतजार करना पड़ सकता है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार राज्य में मानसून के 17 से 20 जून 2026 के बीच संताल परगना क्षेत्र के रास्ते प्रवेश करने की संभावना है।मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून की गति फिलहाल धीमी है। इसका असर देश के अन्य हिस्सों में मानसून की प्रगति पर भी पड़ सकता है। आने वाले दिनों में गर्मी बनी रह सकती है, हालांकि कहीं-कहीं गरज वाले बादल बनने और हल्की बारिश होने की संभावना भी है।

मेदिनीनगर सबसे गर्म शहर

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को रांची का अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मेदिनीनगर राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां पारा 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जमशेदपुर में भी अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में वृद्धि के कारण लोगों को दिनभर गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा।

अमिताभ सिन्हा

अमिताभ सिन्हा hpbltop.com के वरिष्ठ राजनीतिक संपादक हैं। पत्रकारिता में 12 वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्हें भारतीय राजनीति, चुनावी रणनीतियों और संसद की कार्यवाही की गहरी समझ है। अमिताभ की रिपोर्टिंग तथ्यों पर आधारित और निष्पक्ष होती है। वे जटिल सरकारी नीतियों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुँचाने में माहिर हैं। खाली समय में वे राजनीतिक इतिहास पढ़ना पसंद करते हैं।
  • ईमेल: amitabh@hpbltop.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *