Koderma Bus Accident: कांवरियों से भरी बस ट्रक से टकराई, 3 की मौत; 34 से अधिक घायल, 7 की हालत गंभीर
कोडरमा के सतगावां में कांवरियों से भरी बस ट्रक से टकरा गई। हादसे में 3 लोगों की मौत और 34 से अधिक घायल हुए हैं। 7 घायलों की हालत गंभीर है।

कोडरमा। कावंड़ियों से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गयी है। हादसा झारखंड के कोडरमा जिले में घटी है। कोडरमा के सतगावां थाना क्षेत्र के पोखरडीहा मोड़ के पास कांवरियों से भरी एक बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 34 से अधिक कांवरिया घायल बताए जा रहे हैं। इनमें सात घायलों की हालत गंभीर है।
मृतकों की पहचान शिवम कुमार, उसकी दादी सुंदर बाला और चचेरे दादा नवल किशोर के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके कारण कई यात्री बस के अंदर फंस गए।
देवघर से राजगीर जा रही थी कांवरियों से भरी बस
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, बस में सवार श्रद्धालु नेपाल के रौहट जिले से करीब चार दिन पहले झारखंड के देवघर पहुंचे थे। श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ और बासुकीनाथ में पूजा-अर्चना की थी। इसके बाद शुक्रवार तड़के बस बिहार के राजगीर के लिए रवाना हुई थी।बताया जा रहा है कि सतगावां थाना क्षेत्र के पोखरडीहा मोड़ के पास पहुंचने पर बस चालक को कथित तौर पर नींद आ गई। इसके बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा भिड़ी।
टक्कर इतनी जोरदार कि बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त
हादसा इतना भीषण था कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। कई कांवरिया बस के अंदर फंस गए और मदद के लिए चीख-पुकार मचने लगी।दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस और ग्रामीणों ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही सतगावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया।काफी मशक्कत के बाद बस में फंसे कांवरियों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतगावां पहुंचाया गया।
34 से ज्यादा कांवरिया घायल, 7 गंभीर
हादसे में 34 से अधिक कांवरियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। इनमें सात की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल कोडरमा रेफर किया गया है।अस्पताल में चिकित्सकों की टीम घायलों के उपचार में जुटी हुई है।
नेपाल से देवघर आए थे श्रद्धालु
बताया गया कि हादसे का शिकार हुए श्रद्धालु नेपाल से आए थे और धार्मिक यात्रा पर झारखंड पहुंचे थे। देवघर और बासुकीनाथ में पूजा-अर्चना करने के बाद वे राजगीर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान सतगावां के पोखरडीहा मोड़ के पास हादसा हो गया।पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में चालक को नींद आने की बात सामने आई है, हालांकि हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।












