14 साल तक अनुकंपा नौकरी के लिए लड़ता रहा परिवार, आखिरकार झारखंड हाईकोर्ट ने 2 सप्ताह का दिया अल्टीमेटम, पिता की मौत के बाद नौकरी मांग रहा था रामनाथ
कोडरमा के रामनाथ प्रसाद 14 साल से पिता की मौत के बाद अनुकंपा नौकरी के लिए संघर्ष कर रहे थे। झारखंड हाईकोर्ट ने DVC की अपील खारिज कर 2 सप्ताह में नियुक्ति का आदेश दिया।

रांची: पिता की मौत के बाद अनुकंपा के आधार पर नौकरी पाने के लिए करीब 14 साल तक संघर्ष करने वाले कोडरमा के रामनाथ प्रसाद को आखिरकार झारखंड हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। हाईकोर्ट ने दो सप्ताह में नौकरी देने का आदेश दिया है। दामोदर घाटी निगम (DVC) की कानूनी लड़ाई को झटका देते हुए हाईकोर्ट की खंडपीठ ने निगम की अपील खारिज कर दी है।
साथ ही रामनाथ को अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने के एकल पीठ के आदेश को बरकरार रखा है। अदालत ने DVC को दो सप्ताह के भीतर नियुक्ति संबंधी आदेश का पालन करने और लंबित अवमानना मामले में अनुपालन रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया है।
19 नवंबर 2026 को सुनाये गये फैसले में चीफ जस्टिस और जस्टिस राजेश शंकर की खंडपीठ ने DVC के रवैये पर कड़ी नाराजगी जतायी। अदालत ने कहा कि एक जरूरतमंद परिवार को राहत देने के बजाय निगम ने उसे सालों तक अदालतों के चक्कर लगाने के लिए मजबूर किया।
पिता की मौत के बाद पैनल में आया नाम, फिर भी 14 साल तक नहीं मिली नौकरी
मामला कोडरमा निवासी रामनाथ प्रसाद से जुड़ा है। उनके पिता की 15 अक्टूबर 2012 को सेवा के दौरान मौत हो गयी थी। उस समय DVC में 17 जुलाई 1984 की नीति लागू थी। इसके तहत मृत कर्मचारी के आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति या एकमुश्त मुआवजा लेने का विकल्प दिया गया था।
खास बात यह है कि DVC ने खुद रामनाथ प्रसाद का नाम अनुकंपा नियुक्ति के लिए तैयार पैनल में शामिल किया था। इसके बावजूद वर्ष 2017 तक उन्हें न तो नौकरी दी गयी और न ही उनकी सहमति से मुआवजे का विकल्प तय किया गया।बाद में 10 मार्च 2017 को निगम ने पांच लाख रुपये मुआवजा देने का निर्णय लिया। रामनाथ ने इस फैसले का विरोध किया और न्याय के लिए हाईकोर्ट पहुंच गये।
2018 में हाईकोर्ट ने रद्द किया था मुआवजे का आदेश
5 जुलाई 2018 को झारखंड हाईकोर्ट ने पांच लाख रुपये मुआवजा देने संबंधी DVC का आदेश रद्द कर दिया था। उस दौरान निगम की ओर से अदालत को बताया गया था कि यदि रामनाथ मुआवजा स्वीकार नहीं करते हैं तो उनका नाम अनुकंपा नियुक्ति के पैनल में बना रहेगा और बारी आने पर उन्हें नौकरी दी जायेगी।
DVC ने एकल पीठ के फैसले के खिलाफ अपील भी की, लेकिन बाद में उसे वापस ले लिया। इस तरह हाईकोर्ट का आदेश अंतिम हो गया।इसके बावजूद रामनाथ को नियुक्ति नहीं मिली। उन्हें अपने अधिकार के लिए लगातार कानूनी लड़ाई लड़नी पड़ी।
अदालत के आदेश और आश्वासन भी नहीं आये काम
नियुक्ति नहीं मिलने पर रामनाथ को फिर हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा। 26 जून 2019 को अदालत ने स्पष्ट किया कि पहले का आदेश अंतिम हो चुका है और निगम को उसका पालन करना होगा। 15 अक्टूबर 2020 को भी हाईकोर्ट ने DVC को मामले में निर्णय लेने का निर्देश दिया। इसके बाद अवमानना की कार्यवाही शुरू हुई।
इस दौरान DVC ने अदालत को आश्वासन दिया कि रामनाथ का नाम पैनल में पहले स्थान पर है और रिक्ति आने पर उन्हें नियुक्त किया जायेगा। इस भरोसे पर अवमानना याचिका का निपटारा हुआ, लेकिन इसके बाद भी नियुक्ति नहीं हुई।
आखिरकार वर्ष 2024 में रामनाथ ने फिर हाईकोर्ट का रुख किया। 20 दिसंबर 2024 को एकल पीठ ने छह सप्ताह के भीतर उन्हें अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति देने का आदेश दिया। DVC ने इसी फैसले को खंडपीठ में चुनौती दी थी।
2020 की नई नीति का तर्क भी नहीं आया काम
खंडपीठ में DVC ने दलील दी कि वर्ष 2020 में निगम की नीति बदल चुकी है। नई नीति के तहत अनुकंपा नियुक्ति के बजाय मृत कर्मचारी के आश्रितों को 15 लाख रुपये की एकमुश्त राशि देने का प्रावधान किया गया है।निगम ने यह भी तर्क दिया कि रामनाथ ने अपने पिता की मौत के करीब पांच साल बाद नौकरी के लिए आवेदन किया था।
हालांकि, हाईकोर्ट ने निगम की इन दलीलों को स्वीकार नहीं किया। अदालत ने कहा कि रामनाथ के मामले में कार्रवाई 1984 की नीति के तहत हुई थी। निगम ने खुद उनका नाम अनुकंपा नियुक्ति के पैनल में शामिल किया था और अदालत में भी नौकरी देने का भरोसा दिया था।
ऐसे में अब बदली हुई नीति का हवाला देकर नियुक्ति से इनकार नहीं किया जा सकता। अदालत ने यह भी कहा कि आवेदन में देरी का तर्क उचित नहीं है, क्योंकि निगम पहले ही उनका नाम पैनल में शामिल कर चुका था।
सार्वजनिक धन से जरूरतमंद परिवार को परेशान करने पर कोर्ट नाराज
सुनवाई के दौरान खंडपीठ ने DVC के रवैये पर कड़ी टिप्पणी की। अदालत ने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम जनता के पैसे से मुकदमे लड़ते हैं। इस धन का इस्तेमाल किसी जरूरतमंद परिवार को उसका अधिकार देने से बचने के लिए नहीं होना चाहिए।
अदालत ने माना कि निगम ने बार-बार नियुक्ति का आश्वासन दिया, लेकिन उसका पालन नहीं किया। इसके कारण रामनाथ को एक ही मामले में बार-बार न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ा।
अब दो सप्ताह में देनी होगी नौकरी, 14 साल का संघर्ष खत्म होने की उम्मीद
झारखंड हाईकोर्ट की खंडपीठ ने DVC की अपील खारिज करते हुए 20 दिसंबर 2024 के एकल पीठ के आदेश को बरकरार रखा है।अदालत ने निगम को दो सप्ताह के भीतर रामनाथ प्रसाद की अनुकंपा नियुक्ति से संबंधित आदेश का पालन करने और लंबित अवमानना मामले में अनुपालन रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया है।
हालांकि, हाईकोर्ट ने DVC पर कोई आर्थिक दंड नहीं लगाया। अदालत ने उम्मीद जतायी कि अब रामनाथ को अपने अधिकार के लिए दोबारा न्यायालय का दरवाजा नहीं खटखटाना पड़ेगा।करीब 14 साल की लंबी कानूनी लड़ाई के बाद अब रामनाथ प्रसाद को नौकरी मिलने का रास्ता साफ हो गया है।












