Cold Water and Cold: क्या ठंडा पानी पीने से होता है सर्दी-जुकाम? जानें एक्सपर्ट की राय और गर्म पानी का सच
क्या ठंडा पानी पीने से सर्दी-जुकाम होता है? जानें एक्सपर्ट की राय, ठंडे पानी से गले पर क्या असर पड़ता है और क्या गर्म पानी पीने से जुकाम से बचा जा सकता है।

Health Desk। मानसून के मौसम में तापमान में थोड़ी गिरावट आते ही कई भारतीय घरों में ठंडा पानी पीना बंद कर दिया जाता है। खासकर बच्चों को ठंडा पानी देने से परहेज किया जाता है, क्योंकि आम धारणा है कि ठंडा पानी पीने से सर्दी-जुकाम हो जाता है। लेकिन क्या वाकई ऐसा है? क्या गर्म पानी पीने से सर्दी-जुकाम से बचा जा सकता है? एक्सपर्ट की मानें तो इन दोनों बातों को पूरी तरह सही नहीं माना जा सकता। सर्दी-जुकाम का क्या ठंडे पानी से रिश्ता है ? चलिये इसे लेकर एक्सपर्ट्स से भी जानते हैं।
ठंडा पानी पीने से सीधे नहीं होता सर्दी-जुकाम
सीनियर मेडिसिन स्पेशलिस्ट डॉ. शिरीष गोस्वामी के अनुसार, ठंडा पानी पीने से सीधे तौर पर सामान्य सर्दी-जुकाम नहीं होता। सर्दी-जुकाम मुख्य रूप से वायरल इंफेक्शन के कारण होता है।सामान्य सर्दी में कई तरह के वायरस जिम्मेदार हो सकते हैं और Rhinovirus इसके प्रमुख कारणों में शामिल है। वायरस नाक, गले और ऊपरी श्वसन तंत्र की अंदरूनी परत को प्रभावित करता है, जिसके बाद छींक, नाक बहना, गले में खराश और खांसी जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं।इसलिए केवल ठंडा पानी पीने को जुकाम का कारण मानना वैज्ञानिक रूप से सही नहीं है।
फिर ठंडा पानी पीने से गला क्यों खराब लगता है?
बहुत ठंडा पानी कुछ लोगों के लिए गले में असहजता पैदा कर सकता है। खासकर जिन लोगों का गला संवेदनशील है या जिन्हें पहले से गले में संक्रमण या एलर्जी की समस्या है, उन्हें ठंडा पानी पीने के बाद खराश, जलन या असहजता महसूस हो सकती है। हालांकि, यह प्रतिक्रिया और वायरल सर्दी-जुकाम दो अलग-अलग चीजें हैं। ठंडे पानी से गले में अस्थायी परेशानी हो सकती है, लेकिन इससे अपने आप वायरस का संक्रमण पैदा नहीं होता।
क्या गर्म पानी पीने से सर्दी नहीं होती?
यह भी एक आम धारणा है कि गर्म या गुनगुना पानी पीने से सर्दी-जुकाम से बचा जा सकता है। गर्म पानी जुकाम से पूरी तरह सुरक्षा नहीं देता।हालांकि, गुनगुना पानी पीने से गले की खराश, सूखापन और कुछ अन्य लक्षणों में अस्थायी राहत मिल सकती है। पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ लेना भी बीमारी के दौरान शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करता है।
इसलिए अगर किसी व्यक्ति को ठंडा पानी पीने से गले में परेशानी होती है, तो वह अपनी सुविधा के अनुसार सामान्य या गुनगुना पानी पी सकता है। लेकिन गर्म पानी को जुकाम से बचाव का इलाज नहीं माना जाना चाहिए।
सर्दी-जुकाम से बचने के लिए क्या करें?
सर्दी-जुकाम से बचने के लिए पानी के तापमान से ज्यादा महत्वपूर्ण संक्रमण से बचाव और अच्छी स्वच्छता है। नियमित रूप से हाथ धोना, संक्रमित व्यक्ति के बेहद करीब जाने से बचना, पर्याप्त नींद लेना और संतुलित आहार लेना मददगार हो सकता है।अगर सर्दी-जुकाम के साथ तेज बुखार, सांस लेने में परेशानी, लगातार खांसी या लंबे समय तक लक्षण बने रहें, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।
ठंडा पानी या गर्म पानी, क्या बेहतर?
जिस तापमान का पानी आपको आरामदायक लगे, सामान्य परिस्थितियों में वह पानी पी सकते हैं। ठंडा पानी सर्दी-जुकाम का सीधा कारण नहीं है और गर्म पानी भी संक्रमण से बचने की गारंटी नहीं देता। असली बचाव वायरस के संपर्क को कम करने, हाथों की स्वच्छता और स्वस्थ दिनचर्या से जुड़ा है।











