चतरा में ACB की बड़ी कार्रवाई, 10 हजार घूस लेते राजस्व कर्मचारी सतीश कुमार रंगे हाथ गिरफ्तार

चतरा। झारखंड इनदिनों भ्रष्ट्राचार की गहरी चपेट में है।परीक्षा, नौकरी सरकारी कार्य के नाम पर पैसे का लेनदेन आम होता जा रहा है। इसी क्रम में आज चतरा जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। चतरा सदर अंचल क्षेत्र में म्यूटेशन कराने के एवज में 10 हजार रुपये रिश्वत लेते राजस्व कर्मचारी सतीश कुमार को ACB की टीम ने रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद ACB की टीम ने पूरे मामले की जांच की और मंगलवार दोपहर करीब 12:45 बजे कार्रवाई को अंजाम दिया। जैसे ही राजस्व कर्मचारी ने कथित तौर पर रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे मौके पर पकड़ लिया।गिरफ्तारी के बाद ACB की टीम राजस्व कर्मचारी सतीश कुमार को अपने साथ ले गई। टीम आरोपी से पूछताछ और मामले से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।
म्यूटेशन (दाखिल खारिज) के नाम पर मांगी गई थी रिश्वत
बताया जा रहा है कि म्यूटेशन की प्रक्रिया को लेकर रिश्वत की मांग किए जाने की शिकायत ACB तक पहुंची थी। शिकायत के सत्यापन के बाद टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की। हालांकि, पूरे मामले में ACB की ओर से आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
फिलहाल आरोपी राजस्व कर्मचारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। ACB यह भी जांच करेगी कि रिश्वत की मांग और इस पूरे प्रकरण में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।










