झारखंड में डॉक्टरों की रिटायरमेंट उम्र फिर घटाई गई, अब 65 साल में होगी सेवानिवृत्ति, पढ़िये आदेश कब से होगी लागू
झारखंड में डॉक्टरों की रिटायरमेंट उम्र फिर 65 साल, सरकार ने जारी किया संकल्प

रांची। झारखंड सरकार ने स्वास्थ्य विभाग में बड़ा फैसला लिया है। इस फैसले से स्वास्थ्य विभाग में नए लोगों को अवसर मिलेगा। मालूम हॉकी कोरोना काल में स्वास्थ्य विभाग ने डॉक्टरों की सेवानिवृत्ति उम्र बढ़ा दी थी। जी समें फिर से कैबिनेट ने संशोधन कर दिया है।
सेवा से जुड़े गैर-शैक्षणिक चिकित्सकों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवानिवृत्ति आयु को लेकर आदेश जारी किया है। राज्य सरकार ने इन चिकित्सकों की रिटायरमेंट उम्र 67 वर्ष से घटाकर 65 वर्ष करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने 16 सितंबर 2026 को संकल्प जारी किया है।
सरकार के संकल्प के मुताबिक कोरोना महामारी के दौरान राज्य में चिकित्सकों की कमी को देखते हुए गैर-शैक्षणिक चिकित्सक/विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवानिवृत्ति आयु 65 से बढ़ाकर 67 वर्ष की गई थी। अब सरकार ने माना है कि कोरोना काल की वह विशेष परिस्थिति समाप्त हो चुकी है और चिकित्सा व्यवस्था में फिलहाल वैसी आपात स्थिति नहीं है।
लगातार हो रही नियुक्ति और ग्रामीण क्षेत्रों में डॉक्टरों की तैनाती का भी जिक्र
संकल्प में कहा गया है कि झारखंड की भौगोलिक स्थिति अन्य राज्यों से अलग है। ग्रामीण और सुदूर इलाकों में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सकों की तैनाती सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में की जाती है। सरकार ने यह भी माना है कि अधिक उम्र और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के कारण कुछ चिकित्सकों द्वारा पहाड़ी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में काम करने में अनिच्छा जताई जाती है।
सरकार के अनुसार चिकित्सकों की कमी से जुड़ी समस्या का समाधान केवल सेवानिवृत्ति की आयु बढ़ाने से नहीं हो सकता। इसी वजह से विभाग ने चिकित्सकों की नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाने का दावा किया है।
176 विशेषज्ञ और 338 चिकित्सा पदाधिकारियों की नियुक्ति
संकल्प में विभाग ने बताया है कि कोरोना काल के बाद 176 विशेषज्ञ चिकित्सा पदाधिकारी, 338 चिकित्सा पदाधिकारी, 13 दंत चिकित्सक और 55 सहायक प्राध्यापक की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के माध्यम से भी आवश्यक संख्या में चिकित्सकों की नियुक्ति किए जाने की बात कही गई है।
किन चिकित्सकों पर होगी लागू
जारी संकल्प के अनुसार ये सेवानिवृत्ति उम्र 65 वर्ष उनपर लागू होगी जिनकी उम्र 65 वर्ष से कम है। गैर शैक्षणिक संवर्ग / विशेषज्ञ चिकित्सक के जिन चिकित्सक की उम्र 65 वर्ष से ज्यादा हो चुकी होगी वो पूर्व की भांति 67 वर्ष की उम्र में सेवानिवृत्त होगे।
65 साल की उम्र में रिटायरमेंट, 2 साल बाद होगा लागू
सरकार के फैसले के अनुसार गैर-शैक्षणिक चिकित्सकों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवानिवृत्ति आयु 67 वर्ष से घटाकर 65 वर्ष की जाएगी। इसके लिए झारखंड सेवा संहिता के नियम-73 में आवश्यक संशोधन किया जाएगा।
खास बात यह है कि सेवानिवृत्ति की उम्र में यह कटौती तत्काल प्रभाव से लागू नहीं होगी। संकल्प में कहा गया है कि यह निर्णय सेवानिवृत्ति आयु में कटौती की अधिसूचना की तिथि से दो वर्ष बाद प्रभावी माना जाएगा। साथ ही इससे संबंधित पूर्व विभागीय संकल्प संख्या 1109(3), दिनांक 17 अगस्त 2022 को निरस्त माना जाएगा।
कैबिनेट से मिल चुकी है मंजूरी
सरकार के संकल्प में बताया गया है कि इस प्रस्ताव को 25 अगस्त 2026 की मंत्रिपरिषद की बैठक में स्वीकृति मिल चुकी है। अब इसे आम जनता की जानकारी के लिए झारखंड राजपत्र के असाधारण अंक में प्रकाशित करने का आदेश दिया गया है।
यहाँ देखें आदेश…













