Jharkhand Weather: कल से बदलेगा झारखंड का मौसम, 23-24 सितंबर को भारी बारिश का अलर्ट, पढ़िये किन-किन जिलों के लिए चेतावनी
झारखंड में 23-24 सितंबर को भारी बारिश का अलर्ट है। रांची, धनबाद, देवघर, गिरिडीह समेत कई जिलों में तेज हवाओं, वज्रपात और बारिश की चेतावनी जारी।

रांची। झारखंड में कल से मौसम का मिजाज तेजी से बदलने वाला है। दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बन रहा निम्न दबाव क्षेत्र अब झारखंड के मौसम को भी प्रभावित कर सकता है। मौसम विभाग ने इसे लेकर चेतावनी जारी कर दी है। मौसम विभाग के अनुसार यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए अगले 24 से 48 घंटे में डिप्रेशन और फिर डीप डिप्रेशन में बदल सकता है।
इसके प्रभाव से राज्य में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी और 23-24 सितंबर को कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।मौसम विभाग ने इस दौरान गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर भी चेतावनी जारी की है। खासकर 23 और 24 सितंबर को दक्षिणी तथा मध्य झारखंड के कई जिलों में मौसम ज्यादा सक्रिय रहने की संभावना है।
21-22 सितंबर से बढ़ेगी बारिश की गतिविधि
21 सितंबर को झारखंड के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और मेघ गर्जन हो सकता है। इसके बाद 22 सितंबर से बारिश का दायरा बढ़ने की संभावना है। राज्य के अनेक स्थानों पर बारिश के साथ बादल छाए रह सकते हैं।इस दौरान कहीं-कहीं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। गरज-चमक और वज्रपात की संभावना को देखते हुए लोगों को मौसम खराब होने के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।
23 सितंबर को इन जिलों में भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 23 सितंबर को झारखंड के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। दक्षिण-पूर्वी भाग के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।मध्य झारखंड के रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो और धनबाद तथा उत्तर-पूर्वी हिस्से के गिरिडीह, देवघर और जामताड़ा के कुछ इलाकों में भी भारी बारिश के आसार जताए गए हैं।
24 सितंबर को इन जिलों में ज्यादा असर
24 सितंबर को बारिश का असर खास तौर पर झारखंड के उत्तर-पूर्वी हिस्से में देखने को मिल सकता है। देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।इसके अलावा इन जिलों से सटे मध्य झारखंड के धनबाद में भी भारी बारिश हो सकती है।
40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
23 और 24 सितंबर के दौरान बारिश के साथ तेज हवाओं का दौर भी रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ वज्रपात होने की संभावना है।
21 सितंबर को भी राज्य में कहीं-कहीं 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 21 और 22 सितंबर को झारखंड में मध्यम से तेज मेघ गर्जन और बिजली चमकने की गतिविधियां भी हो सकती हैं।
तापमान में 3-4 डिग्री तक गिरावट संभव
मौसम में बदलाव का असर तापमान पर भी दिखाई देगा। पूर्वानुमान के मुताबिक अगले दो दिनों के बाद झारखंड के अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। यानी बारिश और बादल छाने के साथ गर्मी से भी कुछ राहत मिलने की संभावना है।
26 सितंबर तक जारी रह सकता है बारिश का दौर
मौसम विभाग के पूर्वानुमान में 21 से 26 सितंबर के दौरान झारखंड में बारिश की गतिविधियां बने रहने के संकेत हैं। 23-24 सितंबर के बाद भी राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है।इस दौरान बंगाल की खाड़ी के मौसमी सिस्टम की दिशा और उसकी तीव्रता के आधार पर बारिश का प्रभाव कुछ क्षेत्रों में कम या ज्यादा हो सकता है।












