Netarhat School Admission 2026: नेतरहाट आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा की तारीख बदली, अब 6 दिसंबर को होगी परीक्षा; 8 अक्टूबर तक आवेदन
नेतरहाट आवासीय विद्यालय कक्षा 6 प्रवेश परीक्षा 2026 की तारीख बदल गई है। अब परीक्षा 6 दिसंबर को होगी और आवेदन की अंतिम तारीख 8 अक्टूबर 2026 है।

Netarhat School : नेतरहाट आवासीय विद्यालय में कक्षा छह में नामांकन की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए जरूरी अपडेट है। सत्र 2026-27 की प्रवेश परीक्षा अब 6 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। पहले परीक्षा की तारीख 22 नवंबर निर्धारित की गई थी। विद्यालय प्रबंधन ने परीक्षा के साथ ऑनलाइन आवेदन और प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की तारीखों में भी संशोधन किया है।संशोधित कार्यक्रम के मुताबिक, अब इच्छुक विद्यार्थी 8 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इससे पहले आवेदन की अंतिम तिथि 24 सितंबर निर्धारित थी।
6 दिसंबर को होगी प्रवेश परीक्षा
नेतरहाट आवासीय विद्यालय में कक्षा छह में नामांकन के लिए प्रवेश परीक्षा झारखंड के विभिन्न प्रमंडल मुख्यालयों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो चरणों में आयोजित किए जाने का प्रावधान है। इसमें प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा शामिल होगी।दोनों परीक्षाओं में प्रश्न वस्तुनिष्ठ होंगे। परीक्षा में प्रदर्शन और निर्धारित न्यूनतम उत्तीर्णांक के आधार पर आरक्षण कोटिवार चयन सूची तैयार की जाएगी।
9 नवंबर से डाउनलोड होगा एडमिट कार्ड
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थी 9 नवंबर 2026 से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। विद्यार्थियों और अभिभावकों को सलाह दी गई है कि आवेदन के बाद प्रवेश पत्र और परीक्षा से संबंधित अन्य जानकारी आधिकारिक माध्यम से जरूर जांच लें।
कौन कर सकता है आवेदन?
नेतरहाट आवासीय विद्यालय की कक्षा छह की प्रवेश परीक्षा में शामिल होने के लिए निर्धारित पात्रता के अनुसार:
• विद्यार्थी का झारखंड का स्थानीय निवासी होना जरूरी है।
• सीओ या एसडीओ द्वारा जारी स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र देना होगा।
• विद्यार्थी की उम्र 10 वर्ष से कम और 12 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए।
• मान्यता प्राप्त झारखंड के विद्यालय से कक्षा पांच की परीक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है।
• विद्यालय के प्रधानाध्यापक से सत्यापित प्रमाण पत्र भी जमा करना होगा।
बालिकाओं के लिए 33 फीसदी क्षैतिज आरक्षण
नई नियमावली में बालिकाओं के लिए भी महत्वपूर्ण प्रावधान किया गया है। चयन प्रक्रिया में 33 प्रतिशत सीटें बालिकाओं के लिए कोटिवार क्षैतिज रूप से आरक्षित रहेंगी।प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा के न्यूनतम उत्तीर्णांक, पाठ्यक्रम तथा विषयों के चयन से जुड़े निर्णय निर्धारित समिति द्वारा किए जाएंगे।
47 साल बाद बढ़ेंगी नेतरहाट विद्यालय की सीटें
नई नियमावली में विद्यालय की सीटों को चरणबद्ध तरीके से बढ़ाने का प्रावधान भी किया गया है। इसके तहत अगले तीन वर्षों में सीटों की संख्या दोगुनी और पांच वर्षों में तीन गुनी करने का लक्ष्य रखा गया है।बताया गया है कि इससे पहले वर्ष 1982 में कक्षा छह के लिए 100 सीटें निर्धारित की गई थीं। नई व्यवस्था लागू होने के बाद लंबे अंतराल के बाद विद्यालय में सीटों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
1954 में हुई थी नेतरहाट विद्यालय की स्थापना
लातेहार जिले में स्थित नेतरहाट आवासीय विद्यालय की स्थापना 15 नवंबर 1954 को हुई थी। विद्यालय अपनी विशिष्ट गुरु-शिष्य परंपरा, अनुशासन और शैक्षणिक वातावरण के लिए जाना जाता है।कक्षा छह में प्रवेश की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए अब सबसे महत्वपूर्ण तारीख 8 अक्टूबर 2026 है। जिन विद्यार्थियों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, उन्हें अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।












