झारखंड-तीन बच्चों की मौत: तालाब में डूबने से तीन मासूम बच्चों की मौत; खेलते-खेलते हो गया बड़ा हादसा, गांव में पसरा मातम
Jharkhand – Death of three children: Three innocent children drowned in a pond; a tragic accident occurred while they were playing, and the village is plunged into mourning.

जामताड़ा। झारखंड के जामताड़ा जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। एक साथ तीन बच्चों की जान चली गयी। घटना जामताड़ा सदर थाना क्षेत्र के चेगायडीह गांव की है, जहां तालाब में डूबने से तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तीनों बच्चे मंगलवार दोपहर खेलते-खेलते तालाब की ओर चले गए थे।
हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक तीनों बच्चों की जान जा चुकी थी।एक साथ तीन बच्चों की मौत की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर है। हादसे के बाद मृतक बच्चों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
खेलते-खेलते तालाब की ओर चले गए बच्चे
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर गांव के तीनों बच्चे एक साथ खेल रहे थे। इसी दौरान वे खेलते-खेलते चिरकुटोला स्थित तालाब की ओर चले गए। बताया जा रहा है कि तालाब गांव में बच्चों के घर से करीब आधा किलोमीटर की दूरी पर है।
कुछ देर बाद जब बच्चों के तालाब में डूबने की जानकारी ग्रामीणों को मिली तो बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बच्चों को तालाब से बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी।
मृतकों में दो 6 साल के और एक 5 साल का बच्चा
हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों की पहचान आर्यन अंसारी (5 वर्ष), पिता जसीमुद्दीन अंसारी, नासिर अंसारी (6 वर्ष), पिता तबारक अंसारी और अमर सोहेल (6 वर्ष), पिता सजाउद्दीन अंसारी के रूप में हुई है।तीनों बच्चों की उम्र बेहद कम थी। एक साथ तीन मासूमों की मौत की खबर से गांव में मातम का माहौल है। परिजन बच्चों को याद कर लगातार रो रहे हैं।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे अधिकारी
घटना की जानकारी मिलते ही जामताड़ा सदर थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो और बीडीओ अबीश्वर मुर्मू मौके पर पहुंचे। पूर्व सांसद फुरकान अंसारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की।पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से हादसे की जानकारी ली। पुलिस ने पूरे घटनाक्रम को समझने के लिए मौके पर मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटाई।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू
पुलिस ने तीनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बच्चों के तालाब में डूबने से मौत की बात सामने आई है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद हादसे से संबंधित अन्य तथ्य स्पष्ट हो सकेंगे।
पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने जताया दुख
पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने घटना पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद मर्माहत करने वाली है। इतनी कम उम्र में तीनों बच्चे दुनिया को ठीक से देख भी नहीं पाए और असमय दुनिया से चले गए।
उन्होंने मृतक बच्चों के माता-पिता और परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि ईश्वर परिवारों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति दे।
गांव में पसरा मातम
एक साथ तीन मासूम बच्चों की मौत ने पूरे चेगायडीह गांव को गम में डुबो दिया है। हादसे के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। परिवार के लोगों के साथ ग्रामीण भी इस घटना से सदमे में हैं।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की कार्रवाई की जाएगी।










