झारखंड: दो स्कूली बच्चों की गयी जान, रेस्क्यू के बाद दोनों का शव बरामद, नजर के सामने डूब गये दोनों, नहीं बचा पाये लोग
Jharkhand: Two schoolchildren lost their lives; their bodies were recovered following a rescue operation. They drowned right before people's eyes, but no one could save them.

पलामू: दो स्कूली बच्चों की मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि ये घटना नदी में डूबने की वजह से हुई है। घटना झारखंड के पलामू जिले के मेदिनीनगर इलाके की बतायी जा रही है। जहां हुई दर्दनाक हादसे में दो बच्चों की मौत हो गई। घटना कांदू मोहल्ला के पास कोयल नदी की है, जहां नहाने गए देव और शुभम कुमार नदी में डूब गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और बच्चों की तलाश शुरू की गई। बाद में दोनों बच्चों को नदी से बाहर निकालकर मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मोहल्ले में शोक का माहौल है।
कोयल नदी में नहाने गए थे बच्चे
जानकारी के अनुसार, मेदिनीनगर के कांदू मोहल्ला के कुछ बच्चे कोयल नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान देव और शुभम कुमार नदी में डूबने लगे। दोनों बच्चों को डूबता देख वहां मौजूद अन्य बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया।बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और नदी में उनकी तलाश शुरू की। घटना की सूचना टाउन थाना पुलिस को भी दी गई।
एक बच्चे का शव घटनास्थल पर, दूसरा एक किलोमीटर दूर मिला
स्थानीय जानकारी के मुताबिक, एक बच्चे का शव घटनास्थल के पास से बरामद हुआ, जबकि दूसरे बच्चे का शव करीब एक किलोमीटर दूर राम जानकी मंदिर के पास मिला। दोनों बच्चों को नदी से निकालने के बाद तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। इस घटना से मृतक बच्चों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद टाउन थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तलाशी अभियान चलाया। दोनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। नदी में डूबने की परिस्थितियों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है।
हादसे के बाद इलाके में शोक
कोयल नदी में दो बच्चों की मौत की खबर से कांदू मोहल्ला में शोक का माहौल है। इस दर्दनाक घटना ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। स्थानीय लोगों के बीच भी घटना को लेकर दुख और चिंता का माहौल है।












