रिंकू सिंह टीम इंडिया को छोड़कर वापस घर लौटे, फैंस में मची बैचेनी, विश्व कप क्रिकेट में टीम इंडिया को लगा बड़ा झटका, जानिये क्या है वजह
Rinku Singh left Team India and returned home, causing unrest among fans. Team India suffered a major setback in the World Cup. Find out why.

Rinku Singh Cricket Player/25.2.26 : टीम इंडिया के लिए टी-20 में हालत खास्ता है। उसके लिए हर मैच करो या मरो वाली है। एक मैच में हार उसे विश्व कप की दौड़ से बाहर कर देगा। ऐसे महत्वपूर्ण वक्त में टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह टीम कैंप छोड़कर अपने घर लौट गए हैं। जानकारी मिल रही है कि, रिंकू के पिता की तबीयत अचानक गंभीर रूप से बिगड़ गई, जिसके चलते उन्हें यह कठिन निर्णय लेना पड़ा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि वह भारतीय टीम के साथ कब दोबारा जुड़ेंगे।
रिंकू सिंह चेन्नई में टीम इंडिया के साथ आगामी मुकाबलों की तैयारी कर रहे थे। जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाले महत्वपूर्ण मैच से पहले वह अभ्यास सत्र में हिस्सा लेने वाले थे, लेकिन पिता की बिगड़ती तबीयत की खबर मिलते ही उन्होंने कैंप छोड़ दिया। 24 फरवरी को वह टीम के साथ अभ्यास में भी शामिल नहीं हुए, जिससे उनके अनुपस्थित रहने की पुष्टि हुई।
परिवार के करीबियों से मिली जानकारी के अनुसार, रिंकू के पिता को चौथे स्टेज का लिवर कैंसर बताया जा रहा है। उनकी हालत गंभीर है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कर वेंटिलेटर पर रखा गया है। इस खबर के सामने आते ही क्रिकेट जगत और भारतीय फैंस के बीच चिंता और संवेदना का माहौल है। सोशल मीडिया पर फैंस रिंकू सिंह और उनके परिवार के लिए प्रार्थनाएं और समर्थन संदेश साझा कर रहे हैं।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में रिंकू सिंह का प्रदर्शन अब तक अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं रहा है। हालांकि, उन्हें सीमित मौके ही मिले हैं। टूर्नामेंट में अब तक उन्होंने कुल 24 रन बनाए हैं, जिसमें नामीबिया के खिलाफ 11 रन उनकी सर्वश्रेष्ठ पारी रही। इसके बावजूद, टीम प्रबंधन और फैंस को उनकी क्षमता पर पूरा भरोसा है, क्योंकि रिंकू अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी और दबाव में मैच फिनिश करने की काबिलियत के लिए जाने जाते हैं।
भारतीय टीम के दृष्टिकोण से यह स्थिति बेहद संवेदनशील है। टीम इंडिया सुपर-8 चरण में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ अपना पहला मुकाबला हार चुकी है, जिससे आगे के मैच ‘करो या मरो’ जैसे बन गए हैं। भारत को 26 फरवरी को जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ मैदान में उतरना है, जबकि 1 मार्च को वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम से भिड़ंत होगी। इन दोनों मुकाबलों में जीत भारत के सेमीफाइनल की संभावनाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
ऐसे में रिंकू सिंह की अनुपस्थिति टीम संयोजन पर असर डाल सकती है, खासकर मध्यक्रम की बल्लेबाजी पर। हालांकि, टीम के पास विकल्प मौजूद हैं, लेकिन रिंकू का अनुभव और उनकी मैच फिनिशिंग क्षमता अलग पहचान रखती है। टीम मैनेजमेंट और फैंस को उम्मीद है कि पारिवारिक परिस्थितियां जल्द बेहतर होंगी और रिंकू सिंह दूसरे सुपर-8 मुकाबले से पहले टीम के साथ जुड़ सकेंगे।









