BDO और SI पर हमला, खाद की जांच के दौरान बवाल; 14 नामजद समेत 64 लोगों पर FIR
कटिहार में BDO और स्वच्छता पदाधिकारी पर हमला, 64 लोगों पर FIR

BDO News: सरकारी जांच करने पहुंचे अधिकारियों के साथ मारपीट का वीडियो वायरल हो रहा है। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने भी अधिकारियों पर जमकर आरोप लगाए हैं। मामला बिहार के कटिहार जिले से सरकारी अधिकारियों के साथ मारपीट का है।
जिले में अमदाबाद प्रखंड के बैदा पंचायत अंतर्गत नया टोला में कथित अवैध और मिलावटी खाद की जांच करने पहुंची प्रशासनिक टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। इस दौरान BDO रणवीर कुमार और स्वच्छता पर्यवेक्षक (SI ) मोहम्मद जाकिर हुसैन के साथ मारपीट और धक्का-मुक्की किए जाने का आरोप है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
जानिए क्या है पूरा मामला?
रिपोर्टों के मुताबिक, 27 अक्टूबर को मिली सूचना के आधार पर BDO रणवीर कुमार पुलिस और sanitary inspector (SI) के साथ नया टोला बैदा पहुंचे थे। टीम एक परिसर में रखी खाद की जांच कर रही थी। आरोप है कि वहां खाद से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर विवाद बढ़ गया।
इसी दौरान स्वच्छता पर्यवेक्षक मोहम्मद जाकिर हुसैन जब्ती सूची तैयार कर रहे थे, तभी दुकानदार और वहां जुटे लोगों ने कथित तौर पर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे BDO के साथ भी धक्का-मुक्की और दुर्व्यवहार किए जाने का आरोप है।
BDO की सोने की चेन छीनने और हथियार दिखाकर धमकाने का भी ग्रामीणों पर लगा आरोप
BDO रणवीर कुमार ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि भीड़ ने उनके गले से सोने की चेन छीन ली और देसी कट्टा दिखाकर धमकी दी। सरकारी वाहन को नुकसान पहुंचाने तथा सुरक्षा गार्डों के हथियार छीनने की कोशिश का आरोप भी लगाया गया है।
14 नामजद और 50 अज्ञात लोगों पर FIR
घटना के बाद अमदाबाद थाने में 14 नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
ग्रामीणों ने भी लगाया आरोप
वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से भी आवेदन देकर पैसे गायब होने और अधिकारियों पर रुपये लूटने का आरोप लगाया गया है। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच कर रही है। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।











