Breaking: झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता परीक्षा रद्द, JSSC का बड़ा फैसला, अभ्यर्थियों को देना होगा दोबारा एग्जाम

रांची: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 को लेकर बड़ा फैसला लिया है। आयोग ने इस परीक्षा के अंतर्गत आयोजित संताली भाषा की परीक्षा को रद्द कर दिया है। इस संबंध में आयोग ने 02 नवंबर 2026 को आधिकारिक सूचना जारी की है। अब संताली भाषा के अभ्यर्थियों के लिए पुनर्परीक्षा आयोजित की जाएगी।
यहां देखें आदेश…

प्रश्न पत्र में मिलीं कई खामियां
दरअसल, झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 का आयोजन 19 जुलाई 2026 को किया गया था। परीक्षा के बाद संताली भाषा के प्रश्न पत्र को लेकर अभ्यर्थियों ने आयोग के समक्ष कई आपत्तियां और शिकायतें दर्ज कराई थीं।
अभ्यर्थियों से प्राप्त आवेदनों के आधार पर आयोग ने संताली भाषा के प्रश्न पत्र की समीक्षा विषय विशेषज्ञों से कराई। विषय विशेषज्ञों द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट में प्रश्न पत्र के कई सवाल पाठ्यक्रम से बाहर, अस्पष्ट और गलत पाए गए।
विशेषज्ञों की रिपोर्ट को ध्यान में रखते हुए आयोग ने संताली भाषा की परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया है।
संताली भाषा की दोबारा होगी परीक्षा
आयोग की ओर से जारी सूचना के अनुसार, संताली भाषा की परीक्षा का पुनः आयोजन किया जाएगा। हालांकि, पुनर्परीक्षा की तिथि और अन्य जरूरी दिशा-निर्देशों के संबंध में फिलहाल कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है। आयोग द्वारा इसकी सूचना अलग से जारी की जाएगी।
सभी अभ्यर्थियों के लिए पुनर्परीक्षा अनिवार्य
JSSC ने स्पष्ट किया है कि संताली भाषा के जिन अभ्यर्थियों को परीक्षा परिणाम में शामिल होना है, उनके लिए पुनर्परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य होगा। यानी पूर्व में आयोजित संताली भाषा की परीक्षा के आधार पर अभ्यर्थियों का अंतिम परीक्षाफल तैयार नहीं किया जाएगा।
अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर रखें नजर
आयोग ने सभी संबंधित अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे पुनर्परीक्षा से जुड़ी तारीख, एडमिट कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशों की जानकारी के लिए JSSC की आधिकारिक वेबसाइट नियमित रूप से चेक करते रहें।












