44000 शिक्षकों की भर्ती: शिक्षकों के ट्रांसफर पर शिक्षा मंत्री का बड़ा बयान, अगले महीने 44000 शिक्षकों की भर्ती का जारी होगा विज्ञापन
44,000 teacher recruitments: Education Minister makes a big statement on teacher transfers, advertisement for the recruitment of 44,000 teachers will be released next month.

सरकारी शिक्षकों के लिए ट्रांसफर और नई बहाली को लेकर अच्छी खबर सामने आई है। शिक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया है कि राज्य में शिक्षकों का ट्रांसफर पूरी तरह समान और पारदर्शी नीति के तहत किया जा रहा है। वहीं जल्द ही 44 हजार शिक्षकों की बहाली के लिए मार्च में विज्ञापन जारी किया जाएगा।
Teacher News/8.2.26 : सरकारी शिक्षकों के लिए ट्रांसफर को लेकर लंबे समय से चली आ रही असमंजस की स्थिति पर अब सरकार ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। दूर-दराज के जिलों में वर्षों से सेवा दे रहे शिक्षकों के लिए शिक्षा मंत्री ने बड़ा ऐलान किया है। बिहार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने साफ शब्दों में कहा है कि बिहार राज्य में शिक्षकों के ट्रांसफर की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जा रहा है और सभी स्थानांतरण एक समान नीति के तहत किए जा रहे हैं।
जल्द ट्रांसफर प्रक्रिया शुरू करने के संकेत
बिहार के आकांक्षी जिलों (Aspirational Districts) और पिछड़े इलाकों से अपेक्षाकृत कम ट्रांसफर होने को लेकर उठ रहे सवालों पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि ऐसी कोई नीति नहीं है, जिसमें किसी जिले को विशेष या अलग श्रेणी में रखा गया हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि चाहे जिला आकांक्षी हो या गैर-आकांक्षी, सभी शिक्षकों के लिए ट्रांसफर नियम समान हैं और आवेदन भी एक ही प्रक्रिया के तहत स्वीकार किए जा रहे हैं।
बिहार के शिक्षा मंत्री ने यह भी बताया कि ट्रांसफर प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष रखी गई है, ताकि योग्य शिक्षकों को उनके घर के पास या सुविधाजनक स्थान पर पोस्टिंग मिल सके। सरकार का प्रयास है कि लंबे समय से कठिन और दूरस्थ इलाकों में कार्यरत शिक्षकों को भी समान अवसर मिले और उनकी व्यक्तिगत व पारिवारिक परिस्थितियों का भी ध्यान रखा जाए।
TRE 3 के मच्युल ट्रांसफर पर विचार
हाल के दिनों में TRE-3 के तहत बहाल नए शिक्षकों के ट्रांसफर को लेकर भी कई सवाल उठे थे। इस पर मंत्री ने संकेत दिया कि सरकार इस विषय पर भी गंभीरता से विचार कर रही है। उन्होंने म्यूचुअल ट्रांसफर जैसी व्यवस्था पर पुनर्विचार के संकेत दिए हैं, जिससे शिक्षकों को आपसी सहमति से स्थानांतरण का विकल्प मिल सकता है। यदि यह व्यवस्था लागू होती है, तो बड़ी संख्या में शिक्षक लाभान्वित हो सकते हैं।
इसी बीच बिहार में शिक्षकों की नई बहाली को लेकर भी अहम जानकारी सामने आई है। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) के माध्यम से राज्य में अब तक तीन चरणों में शिक्षकों की भर्ती हो चुकी है। इन तीन चरणों में 2 लाख 27 हजार से अधिक शिक्षकों की नियुक्ति की जा चुकी है, जिससे सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी काफी हद तक दूर हुई है।
44000 शिक्षकों की होगी भर्ती
अब TRE-4 के तहत अगली बड़ी बहाली की तैयारी पूरी कर ली गई है। जेडीयू के आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल से गुरुवार, 5 फरवरी 2026 को जानकारी दी गई कि बीपीएससी की ओर से मार्च महीने में 44 हजार शिक्षकों की बहाली के लिए विज्ञापन जारी किया जाएगा। लंबे समय से इसका इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह बड़ी राहत की खबर है।
पोस्ट में यह भी कहा गया कि राज्य में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के सशक्तिकरण के लिए नीतीश सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। लगातार हो रही बहालियों और पारदर्शी ट्रांसफर नीति से यह स्पष्ट है कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। शिक्षकों और अभ्यर्थियों दोनों के लिए आने वाले महीने बेहद अहम माने जा रहे हैं, क्योंकि एक ओर ट्रांसफर प्रक्रिया आगे बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर TRE-4 के जरिए हजारों युवाओं को सरकारी शिक्षक बनने का अवसर मिलने जा रहा है।









