Jharkhand Teacher Recruitment 2026: पारा शिक्षकों के लिए 7,299 सहायक आचार्य पदों पर विशेष भर्ती, पढ़िये कब से शुरू होगा आवेदन
झारखंड में पारा शिक्षकों के लिए 7,299 सहायक आचार्य पदों पर विशेष भर्ती का नोटिफिकेशन जारी। जानें आवेदन तिथि, योग्यता, आयु सीमा, पदों का विवरण और पूरी प्रक्रिया।

Ranchi: झारखंड में पारा शिक्षकों के लिए एक बड़ी खबर है। पारा शिक्षकों (सहायक अध्यापकों) के लिए बड़ी भर्ती प्रक्रिया सरकार शुरू करने जा रही है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने 7,299 सहायक आचार्य पदों पर नियुक्ति के लिए “झारखंड प्रशिक्षित सहायक आचार्य (पारा कोटि) संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2026” का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।
इस विशेष प्रतियोगी परीक्षा में केवल पात्र पारा शिक्षक ही शामिल हो सकेंगे। यह भर्ती सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश के अनुपालन में की जा रही है। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग से अधियाचना मिलने के बाद आयोग ने 6,101 नियमित और 1,198 बैकलॉग पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की है।
31 जुलाई से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन
आयोग की अधिसूचना के अनुसार अभ्यर्थी 31 जुलाई 2026 से 30 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
महत्वपूर्ण तिथियां
• ऑनलाइन आवेदन शुरू: 31 जुलाई 2026
• आवेदन की अंतिम तिथि: 30 अगस्त 2026
• शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि: 1 सितंबर 2026 (मध्यरात्रि तक)
• फोटो, हस्ताक्षर अपलोड एवं प्रिंट: 3 सितंबर 2026 तक
• आवेदन में संशोधन: 5 से 7 सितंबर 2026
कौन दे सकेगा परीक्षा?
इस विशेष परीक्षा में केवल पात्र पारा शिक्षक (सहायक अध्यापक) शामिल हो सकेंगे।संबंधित पद के लिए एनसीटीई की निर्धारित शैक्षणिक योग्यता के साथ झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) उत्तीर्ण होना अनिवार्य होगा।हालांकि CTET या झारखंड के पड़ोसी राज्यों की शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) उत्तीर्ण पारा शिक्षक भी आवेदन कर सकेंगे। ऐसे अभ्यर्थियों को नियुक्ति मिलने के बाद तीन वर्ष के भीतर और पहले उपलब्ध अवसर में JTET पास करना अनिवार्य होगा।
अधिकतम आयु सीमा में विशेष छूट
जिन पारा शिक्षकों की विज्ञापन प्रकाशन तिथि तक लगातार कम से कम दो वर्ष की सेवा पूरी हो चुकी है और वे वर्तमान में कार्यरत हैं, उन्हें संविदा सेवा अवधि के बराबर अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी। यह छूट अधिकतम 58 वर्ष तक मान्य होगी।
किस पद पर कितनी भर्ती?
नियमित भर्ती (6,101 पद)
• इंटर प्रशिक्षित सहायक आचार्य – 1,909 पद
• स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य (भाषा) – 1,868 पद
• स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य (सामाजिक विज्ञान) – 660 पद
• स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य (विज्ञान एवं गणित) – 1,664 पद
बैकलॉग भर्ती (1,198 पद)
• इंटर प्रशिक्षित सहायक आचार्य – 847 पद
• स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य (भाषा) – 19 पद
• स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य (सामाजिक विज्ञान) – 248 पद
• स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य (विज्ञान एवं गणित) – 84 पद
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भर्ती
यह नियुक्ति प्रक्रिया सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत आयोजित की जा रही है। अदालत ने राज्य सरकार को पारा शिक्षकों के लिए आरक्षित पदों पर विशेष प्रतियोगी परीक्षा आयोजित कर नियुक्ति करने का निर्देश दिया था। राज्य में सहायक आचार्य के 50 प्रतिशत पद पारा शिक्षकों के लिए आरक्षित हैं, जिनमें बड़ी संख्या में पद अभी भी रिक्त हैं।








