मैथिली ठाकुर की गाड़ी से लाखों के गहने चोरी: भाजपा विधायक की गाड़ी से मां का लाखों का गहना चोरी, हीरे जड़ित गहने की चोरी से मचा हंगामा, पुलिस जांच में जुटी
Jewelry worth lakhs stolen from Maithili Thakur's car: Mother's jewelry worth lakhs stolen from BJP MLA's car, theft of diamond-studded jewelry creates uproar, police engaged in investigation

भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर की मां के पर्स से हीरे जड़ित गहने और महंगी घड़ी चोरी होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
________________________________________
बिहार के दरभंगा जिले से एक चर्चित चोरी का मामला सामने आया है, जिसने स्थानीय स्तर पर हलचल मचा दी है। घनश्यामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लालापट्टी गांव में आयोजित एक बैठक के दौरान अज्ञात चोरों ने भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर की मां के पर्स से हीरे जड़ित गहने और कीमती घड़ी उड़ा ली। घटना के बाद इलाके में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
जानकारी के अनुसार, मधुबनी जिले के बेनीपट्टी निवासी और अलीनगर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर की मां भारती ठाकुर एक फरवरी की रात अपने पुत्र के साथ लालापट्टी गांव में आयोजित एक बैठक में शामिल होने पहुंची थीं। बैठक सामाजिक और पारिवारिक कार्यक्रम से जुड़ी बताई जा रही है।
गाड़ी में छोड़ा था पर्स
बैठक में शामिल होने से पहले भारती ठाकुर ने अपना पर्स वाहन में ही छोड़ दिया था। बैठक के दौरान जब वे वापस गाड़ी के पास पहुंचीं, तो पर्स से हीरे जड़ित कान का स्टड और एक कीमती घड़ी गायब मिली। सामान गायब होने की जानकारी मिलते ही वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
प्रारंभिक तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए पर्स से कीमती सामान निकाल लिया। हालांकि घटना किस समय हुई, इसे लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है।
पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
घटना की जानकारी मिलने के बाद भारती ठाकुर ने 11 फरवरी को घनश्यामपुर थाना में लिखित आवेदन दिया। आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी आलोक कुमार ने पुष्टि करते हुए बताया कि इस मामले में कांड संख्या 54/26 दर्ज किया गया है।पुलिस के अनुसार मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत पंजीबद्ध किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच की जा रही है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
जांच की जिम्मेदारी एएसआई अश्विनी कुमार को सौंपी गई है। पुलिस टीम घटना स्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की जा सके। साथ ही कार्यक्रम में शामिल लोगों और स्थानीय ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है।
थाना प्रभारी आलोक कुमार ने बताया कि पुलिस तकनीकी और मानवीय दोनों स्तरों पर जांच कर रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।विधायक के परिवार से जुड़ा मामला होने के कारण यह घटना स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गई है। ग्रामीणों के बीच सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।









