IPS की पत्नी का CM हाउस के बाहर हंगामा, धरने पर बैठीं पूजा सिंह; SP पति से बिगड़े रिश्ते, 8 महीने से बेटी से मिलने को तरस रहीं, कल बुलाया गया
SP भानु प्रताप सिंह की पत्नी पूजा सिंह CM हाउस के बाहर धरने पर बैठीं। 8 महीने से बेटी से नहीं मिलने का आरोप, अब पति को पटना बुलाया गया।

IPS News: एसपी भानु प्रताप सिंह और उनकी पत्नी पूजा सिंह के बीच चल रहा पारिवारिक विवाद अब मुख्यमंत्री आवास तक पहुंच गया है। IPS पति से रिश्ते बिगड़ने के बाद पूजा सिंह रविवार को पटना में सीएम हाउस के बाहर धरने पर बैठ गईं। SP भानु प्रताप फिलहाल खगड़िया में पोस्टेड हैं। उनके साथ उनकी 6 साल की बेटी भी नहीं है। पूजा सिंह का आरोप है कि पिछले 8-9 महीनों से उन्हें अपनी बेटी से मिलने नहीं दिया जा रहा है। वह पति से तलाक नहीं चाहतीं, बल्कि बेटी और पति के साथ दोबारा घर बसाना चाहती हैं।
सीएम हाउस के पास महिला के धरने पर बैठने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई। पटना पुलिस की महिला टीम मौके पर पहुंची और उन्हें समझाकर अपने साथ ले गई। इसके बाद पूजा सिंह को सदर एसडीएम कार्यालय ले जाया गया, जहां प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ करीब दो घंटे तक बातचीत हुई।
IPS पति से बिगड़े रिश्ते, अब CM हाउस पहुंचीं पत्नी
पूजा सिंह के मुताबिक, उनका अपने पति भानु प्रताप सिंह के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा है। वह लगातार अधिकारियों से अपनी समस्या को लेकर गुहार लगा रही हैं। उनका कहना है कि पिछले 8-9 महीनों से उन्हें अपनी 6 साल की बेटी से मिलने का मौका नहीं मिला है।
पूजा ने साफ कहा कि वह अपने पति से तलाक नहीं चाहतीं और न ही कोई कानूनी विवाद खड़ा करना चाहती हैं। उनकी सिर्फ इतनी इच्छा है कि उनका परिवार फिर से एक हो जाए और वह अपनी बेटी के साथ रह सकें।
पुलिस ने धरने से उठाया, दो घंटे तक अधिकारियों ने की बात
रविवार को पूजा सिंह के सीएम हाउस के बाहर धरने पर बैठने की खबर मिलते ही पटना पुलिस की महिला टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाया और अपने साथ सदर एसडीएम कार्यालय ले गई।
यहां करीब दो घंटे तक प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ बंद कमरे में बातचीत हुई। पूजा सिंह ने अधिकारियों को अपने पारिवारिक विवाद और बेटी से नहीं मिल पाने की पूरी जानकारी दी। बैठक के बाद उन्होंने बताया कि अधिकारियों ने उनकी बात सुनी है और विवाद सुलझाने का भरोसा दिया है।
IPS पति को बेटी के साथ पटना बुलाया, आमने-सामने होगी बात
पूजा सिंह ने बताया कि अधिकारियों ने खगड़िया एसपी भानु प्रताप सिंह से बात की है। उन्हें 2 नवंबर को बेटी के साथ पटना बुलाया गया है। यहां वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में पति-पत्नी के बीच आमने-सामने बातचीत कराई जाएगी।पूजा के मुताबिक, इस बैठक में डीजीपी की मौजूदगी में भी बातचीत होने की बात कही गई है। प्रशासन की कोशिश है कि पारिवारिक विवाद को बातचीत के जरिए सुलझाया जाए।
प्रेम विवाह के बाद बिगड़े रिश्ते, राजस्थान तक पहुंचा था विवाद
पूजा सिंह के अनुसार, उनकी मुलाकात भानु प्रताप सिंह से साल 2015 में एक कार्यक्रम के दौरान हुई थी। दोनों ने परिवार की नाराजगी के बावजूद प्रेम विवाह किया था।शादी के बाद करीब पांच साल तक पूजा ने भरतपुर के एक निजी स्कूल में शिक्षिका के रूप में काम किया। इस दौरान भानु प्रताप सिंह यूपीएससी की तैयारी कर रहे थे। बाद में उनका चयन IPS में हुआ और उन्हें बिहार कैडर मिला।
इससे पहले भी दोनों का विवाद राजस्थान के भरतपुर तक पहुंच चुका है। पूजा का आरोप है कि वह अपनी बेटी से मिलने भरतपुर गई थीं, लेकिन उन्हें मिलने नहीं दिया गया। उनके मुताबिक, उन्होंने ससुराल का दरवाजा करीब एक घंटे तक खटखटाया, लेकिन किसी ने गेट नहीं खोला। इसके बाद वह अपनी ननद के घर पहुंचीं, वहां भी दरवाजा नहीं खुला।बाद में वह मथुरा गेट थाने पहुंचीं और वहां भी देर रात तक बैठी रहीं।
अब 2 नवंबर की बैठक पर टिकी निगाहें
पति-पत्नी के बीच चल रहे इस विवाद में अब प्रशासन ने हस्तक्षेप किया है। पूजा सिंह को उम्मीद है कि पटना में होने वाली बैठक से उनकी समस्या का समाधान निकलेगा और उन्हें अपनी बेटी से मिलने का मौका मिलेगा। फिलहाल सभी की नजर 2 नवंबर को होने वाली बातचीत पर टिकी है।











