झारखंड: रक्षा विभाग के कर्मचारी की फांस पर लटकी मिली लाश, रात में गांव में घूमते दिखे, फिर अचानक सुबह हो गये बिस्तर से गायब, अब….
Jharkhand: Defense Department employee's body found hanging. He was seen roaming the village at night, then suddenly disappeared from his bed in the morning. Now...

Jharkhand Crime News। रक्षा विभाग के कर्मचारी की फंदे पर लटकती लाश मिली है। मामला झारखंड के रामगढ़ जिले का है। पतरातू थाना क्षेत्र के तालाताड़ पंचायत स्थित भुइयां टोला में कर्मचारी का शव घर के पास पहाड़ी पर पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान 35 वर्षीय कमल किशोर महतो के रूप में हुई है, जो रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) में कार्यरत थे और बेंगलुरु में पोस्टेड थे।
इधर, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार, कमल किशोर महतो डीआरडीओ में नौकरी करते थे और उनकी पोस्टिंग बेंगलुरु में थी। वह 19 अप्रैल को छुट्टी लेकर अपने गांव आए थे। परिजनों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से वह मानसिक तनाव में थे और अक्सर नींद नहीं आने की शिकायत करते थे।
परिवार के लोगों को यह अंदाजा नहीं था कि वह इतना बड़ा कदम उठा सकते हैं।बताया जा रहा सोमवार देर रात करीब 11 बजे कमल किशोर को गांव में अकेले टहलते हुए देखा गया था। इसके बाद रात करीब दो बजे जब परिवार के लोगों की नींद खुली तो वह अपने बिस्तर पर नहीं मिले। परिजनों ने पहले घर और आसपास उनकी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। पूरी रात परिवार और ग्रामीण उन्हें खोजते रहे।
सुबह-सुबह गांव के कुछ लोगों ने घर के पास स्थित पहाड़ी पर एक पेड़ से शव लटकता देखा। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, जहां कमल किशोर का शव फंदे से झूलता मिला। यह दृश्य देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में शोक का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि मृतक कमल किशोर अपने पिता प्रभु महतो के इकलौते पुत्र थे। परिवार में उनकी पत्नी और दो छोटे बेटे हैं। बड़े बेटे की उम्र करीब छह वर्ष और छोटे बेटे की उम्र चार वर्ष बताई गई है। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग इस घटना से स्तब्ध हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद पतरातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। साथ ही परिजनों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कमल किशोर किन परिस्थितियों से गुजर रहे थे।









