झारखंड में बड़ी वारदात : सनकी पति ने पत्नी बेटी की हत्या कर जमीन में गाड़ा, आरोपी गिरफ्तार, पुलिस से पूछताछ में किया ये बड़ा खुलासा…
Major incident in Jharkhand: Crazy husband murdered his wife and daughter and buried them in the ground, accused arrested, made this big revelation during police interrogation...

Jharkhand Crime News : सनकी पति ने अपनी पत्नी और 12 वर्षीय बेटी की हत्या कर दी और फिर जमीन में दफना दिया। दिल दहलाने वाली ये घटना झारखंड के पाकुड़ जिले की है। सनकी पति ने हत्या के बाद दोनों शवों को निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास में दफना दिया गया। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पाकुड़ जिले के रद्दीपुर ओपी क्षेत्र अंतर्गत गरामरा गांव में एक पति ने अपनी पत्नी और 12 वर्षीय बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी।
इतना ही नहीं, हत्या के बाद आरोपी ने दोनों शवों को गांव के एक निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास में दफना दिया। घटना का खुलासा होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।मृतकों की पहचान शर्मिला किस्कू और उसकी 12 वर्षीय बेटी नेहा टुडू के रूप में हुई है। वहीं आरोपी पति का नाम नरेश टुडू बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह घटना महेशपुर प्रखंड के इच्छानगर गरामारा गांव की है। बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी पति ने गुस्से में आकर पहले अपनी पत्नी की हत्या कर दी और फिर मासूम बेटी को भी मौत के घाट उतार दिया।
हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश की। उसने गांव में बन रहे एक निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास में गड्ढा खोदकर दोनों शवों को दफना दिया। घटना के बाद आरोपी सामान्य तरीके से गांव में घूमता रहा, लेकिन गुरुवार को जब गांव वालों ने महिला और बच्ची को नहीं देखा तो खोजबीन शुरू हुई।
काफी तलाश के बाद भी जब दोनों का कोई पता नहीं चला, तब ग्रामीणों ने मामले की सूचना रद्दीपुर ओपी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही ओपी प्रभारी अजय उपाध्याय, अंचलाधिकारी सह दंडाधिकारी संजय सिन्हा और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गांव में पूछताछ शुरू की और शक के आधार पर मृतका के पति नरेश टुडू को हिरासत में लिया।
पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी टूट गया और उसने पूरी वारदात कबूल कर ली। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने पत्नी और बेटी की हत्या कर उनके शव गांव के ही एक निर्माणाधीन मकान में दफना दिए हैं। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर खुदाई शुरू कराई।
काफी मशक्कत के बाद निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास से महिला और बच्ची के शव बरामद किए गए। शव बरामद होते ही गांव में मातम और दहशत का माहौल फैल गया। ग्रामीण इस घटना से स्तब्ध हैं।पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं घटना के बाद इलाके में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि पारिवारिक विवाद इतनी भयावह घटना का रूप ले लेगा।









