close
LIVE UPDATE

झारखंड: “ये स्थिति बिल्कुल बर्दास्त के काबिल नहीं है” 500 रुपये के लिए पुलिसवालों ने पीटा, तो मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का गुस्सा भड़का, बोले, दोबारा ऐसी चीजें….

Jharkhand: "This situation is absolutely intolerable." Chief Minister Hemant Soren was enraged after police personnel beat someone up over ₹500, stating that such incidents must not happen again...

रामगढ़। पुलिसकर्मियों के मारपीट मामले में मुख्यमंत्री ने आरक्षकों को कड़ी चेतावनी है। झारखंड के रामगढ़ जिले से एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसने पुलिस की कार्यशैली पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिये हैं। गोला थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान एक मछली व्यवसायी के बेटे के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने 500 रुपये की मांग की और रकम नहीं मिलने पर युवक के साथ मारपीट की गई।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला राज्यभर में चर्चा का विषय बन गया है।पीड़ित पक्ष का आरोप है कि वाहन में लाखों रुपये मूल्य की जीवित मछलियां लदी हुई थीं, जिन्हें समय पर तालाब तक पहुंचाना जरूरी था। लेकिन जांच और विवाद के कारण वाहन काफी देर तक रोका गया, जिससे व्यवसाय को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

वीडियो वायरल, मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान

इधर, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते ही झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले का संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रामगढ़ पुलिस और झारखंड पुलिस को टैग करते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि इस प्रकार की घटनाएं किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं हैं और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।

एसपी ने जांच के दिए आदेश

मामले की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने तत्काल जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। एसपी ने रामगढ़ एसडीपीओ आलोक रंजन को पूरे मामले की जांच की जिम्मेदारी सौंपी है और जल्द से जल्द विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।

इसके साथ ही जिले के सभी थाना प्रभारियों को वाहन जांच अभियान के दौरान संवेदनशील, पारदर्शी और पेशेवर तरीके से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को गोला-मुरी रोड स्थित पूरबडीह फुटबॉल मैदान के समीप गोला थाना पुलिस वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान मछली व्यवसायी के बेटे और पुलिसकर्मियों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने 500 रुपये की मांग की और विरोध करने पर युवक के साथ मारपीट की।घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से तूल पकड़ने लगा। वीडियो वायरल होते ही लोगों ने सोशल मीडिया पर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए और निष्पक्ष जांच की मांग की।

मुख्यमंत्री को दी गई कार्रवाई की जानकारी

रामगढ़ एसपी ने सोशल मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री को मामले में की जा रही कार्रवाई की जानकारी भी दी है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पूरे मामले पर लोगों की नजर बनी हुई है और जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

अमिताभ सिन्हा

अमिताभ सिन्हा hpbltop.com के वरिष्ठ राजनीतिक संपादक हैं। पत्रकारिता में 12 वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्हें भारतीय राजनीति, चुनावी रणनीतियों और संसद की कार्यवाही की गहरी समझ है। अमिताभ की रिपोर्टिंग तथ्यों पर आधारित और निष्पक्ष होती है। वे जटिल सरकारी नीतियों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुँचाने में माहिर हैं। खाली समय में वे राजनीतिक इतिहास पढ़ना पसंद करते हैं।
  • ईमेल: amitabh@hpbltop.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *