झारखंड में खराब बोर्ड रिजल्ट पर गिरेगी शिक्षकों पर गाज, शिक्षा सचिव ने उपायुक्तों को भेजी डिटेल रिपोर्ट कार्ड
Teachers in Jharkhand to face action over poor board exam results; Education Secretary sends detailed report cards to Deputy Commissioners.

रांची। बोर्ड परीक्षा में खराब रिजल्ट वाले स्कूलों पर गाज गिरने वाली है। शिक्षा सचिव ने सभी उपायुक्तों को इस संबंध में पत्र भेजकर समीक्षा करने को कहा है। झारखंड स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने सभी 80 सीएम स्कूल आफ एक्सीलेंस के सीबीएसई 10वीं एवं 12वीं के परिणाम की रिपोर्ट तैयार कराई है।
बताया जा रहा है कि विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह ने सभी उपायुक्तों को ‘सीएम-एसओई सीबीएसई बोर्ड रिजल्ट एनालिसिस रिपोर्ट 2026’ भेजकर उसकी जिला स्तर पर समीक्षा कर सुधार को लेकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा है कि जिन विद्यालयों में पर्याप्त शिक्षक होते हुए भी रिजल्ट खराब आया है, उनकी जिम्मेदारी सुनिश्चित की जायेगी। खराब रिजल्ट वाले स्कूलों के संबंधित शिक्षकों को वहां से हटाकर दूसरी जगह करने तथा अनुशासनिक कार्रवाई के दायरे में लाने पर विचार किया जाना चाहिए।
शिक्षा सचिव ने उपायुक्तों को पत्र में कहा है कि उक्त रिपोर्ट में सीबीएसई की परीक्षाओं में विद्यालयों के प्रदर्शन का विश्लेषण है। उसमें अलग-अलग स्तर पर समीक्षा की गयी है। जिला स्तर के अलावे, संकाय स्तर और विषय आधारित समीक्षा की गयी है। रिपोर्ट में इस बात की भी समीक्षात्मक बातें लिखी है, जहां सुधार की जरूरत है।
सचिव ने सभी उपायुक्तों को अपने जिला से जुड़े तथ्यों को प्राथमिकता के आधार पर विश्लेषण करने के निर्देश दिए हैं। खासकर उन विद्यालयों और विषय पर विशेष फोकस करने को कहा है, जिनके परिणाम में बड़ा गैप है।उन्होंने पर्याप्त संसाधन व शिक्षक होते हुए भी खराब परिणाम होने की विस्तृत विश्लेषण कर उपचारात्मक कदम उठाने को कहा है।
सचिव ने कहा है कि जिन स्कूलों का छात्र शिक्षक अनुपात बेहतर होते हुए भी परिणाम खराब है, वहां अच्छे एकेडमिक रिकॉर्ड और सीबीएसई या आइसीएसई स्कूलों में पढ़ाने का अनुभव रखने वाले काबिल शिक्षकों को पठन-पाठन में लगाया जा सकता है। बताते चलें कि सभी सीएम स्कूल आफ एक्सीलेंस सीबीएसई बोर्ड से संबद्ध हैं।









