close
LIVE UPDATE

शादी के अगले दिन दी थी BPSC परीक्षा, अब पति बने BPRO , पत्नी बनीं DSP, नौकरी छोड़ की थी तैयारी

झरिया के विकास कुमार सिंह और कोमल कुमारी सिंह ने शादी के अगले दिन BPSC परीक्षा दी थी। अब 70वीं BPSC में सफलता हासिल कर विकास BPRO और कोमल DSP बनी हैं। उनकी सफलता की प्रेरणादायक कहानी पढ़ें।

BPSC Success Story: झरिया के रहने वाले विकास कुमार सिंह और उनकी पत्नी कोमल कुमारी सिंह की कामयाबी एक मिसाल भी है और सीख भी। दोनों ने 70वीं बीपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे इलाके का नाम रोशन कर दिया है। सबसे दिलचस्प बात यह है कि दोनों ने अपनी शादी के ठीक अगले दिन बीपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा दी थी। इक्तेफाक देखिये अब दोनों राज्य सेवा के लिए चयनित हुए हैं।

शादी की खुशियों के बीच चुना सपनों का रास्ता

यूं तो शादी के बाद नवविवाहित जोड़े पारिवारिक कार्यक्रमों और रस्मों में व्यस्त रहते हैं, लेकिन विकास और कोमल ने अपने भविष्य को प्राथमिकता देते हुए एक अलग मिसाल पेश की। शादी के अगले ही दिन दोनों परीक्षा केंद्र पहुंचे और बीपीएससी प्रारंभिक परीक्षा में शामिल हुए।उस समय लिया गया यह फैसला आज उनकी जिंदगी की सबसे बड़ी उपलब्धि बन गया है।

70वीं बीपीएससी के परिणाम में विकास कुमार सिंह का चयन प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी (BPRO) के पद पर हुआ है। उन्होंने 1058वीं रैंक हासिल की है। वहीं उनकी पत्नी कोमल कुमारी सिंह ने 489वीं रैंक प्राप्त कर डीएसपी (DSP) पद के लिए चयनित होकर बड़ी सफलता हासिल की है।

नौकरी छोड़कर पूरा किया DSP बनने का सपना

बेगूसराय की रहने वाली कोमल कुमारी सिंह पहले राजस्व कर्मचारी के पद पर कार्यरत थीं। हालांकि उनका सपना प्रशासनिक और पुलिस सेवा में जाने का था। इसी लक्ष्य को हासिल करने के लिए उन्होंने नौकरी छोड़ दी और पूरी तरह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुट गईं। लगातार मेहनत और समर्पण का परिणाम यह रहा कि दूसरे प्रयास में उन्होंने बीपीएससी परीक्षा पास कर डीएसपी पद हासिल कर लिया। उनकी सफलता आज हजारों युवाओं, खासकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही युवतियों के लिए प्रेरणा बन गई है।

परिवार का साथ बना सफलता की ताकत

विकास कुमार सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार के सहयोग को दिया है। उन्होंने बताया कि उनके बड़े भाई सूरज कुमार सिंह ने हर कठिन परिस्थिति में उनका मार्गदर्शन किया और उन्हें लक्ष्य पर केंद्रित रहने के लिए प्रेरित किया।विकास का कहना है कि परिवार के सहयोग और पत्नी के साथ मिलकर किए गए संघर्ष ने इस सफलता को संभव बनाया है।

युवाओं के लिए बनी प्रेरणा

विकास और कोमल की कहानी यह संदेश देती है कि यदि इरादे मजबूत हों तो जीवन के किसी भी पड़ाव पर अपने सपनों को प्राथमिकता देकर सफलता हासिल की जा सकती है। शादी जैसे महत्वपूर्ण अवसर के अगले दिन परीक्षा देने का उनका निर्णय आज लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा बन गया है।दोनों ने साबित कर दिया कि मेहनत, धैर्य और दृढ़ संकल्प के सामने कोई भी चुनौती बड़ी नहीं होती। शादी के अगले दिन परीक्षा हॉल तक पहुंचने वाला यह जोड़ा आज प्रशासनिक सेवा में अपनी नई पारी शुरू करने जा रहा है।

अमिताभ सिन्हा

अमिताभ सिन्हा hpbltop.com के वरिष्ठ राजनीतिक संपादक हैं। पत्रकारिता में 12 वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्हें भारतीय राजनीति, चुनावी रणनीतियों और संसद की कार्यवाही की गहरी समझ है। अमिताभ की रिपोर्टिंग तथ्यों पर आधारित और निष्पक्ष होती है। वे जटिल सरकारी नीतियों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुँचाने में माहिर हैं। खाली समय में वे राजनीतिक इतिहास पढ़ना पसंद करते हैं।
  • ईमेल: amitabh@hpbltop.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *