पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मन्नान मल्लिक का निधन, रांची के अस्पताल में ली अंतिम सांस
Former minister and senior Congress leader Mannan Mallick passes away; breathed his last at a Ranchi hospital.

रांची/धनबाद: झारखंड की राजनीति के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक का मंगलवार को रांची के पल्स हॉस्पिटल में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे और इलाजरत थे। उनके निधन की खबर से कांग्रेस पार्टी और झारखंड की राजनीति में शोक की लहर दौड़ गई है।

ऐसा था राजनीतिक कैरियर
मन्नान मल्लिक वर्ष 2009 में धनबाद विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर विधायक चुने गए थे। इसके बाद वह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पहली सरकार में मंत्री भी बने। कांग्रेस संगठन में उनकी मजबूत पकड़ थी और उन्होंने लंबे समय तक धनबाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई।
न्यायिक हिरासत में थे मन्नान मल्लिक
जानकारी के अनुसार, धनबाद के बहुचर्चित मट कुरिया गोलीकांड मामले में हाल ही में मन्नान मल्लिक, उनके पुत्र समेत कई लोगों को दोषी करार देते हुए तीन-तीन साल की सजा सुनाई गई थी। अधिवक्ता अभय कुमार भट्ट ने बताया कि इलाज के कारण मन्नान मल्लिक अस्पताल में भर्ती थे और उनकी ओर से जमानत याचिका दाखिल नहीं की जा सकी थी। इसी वजह से वह न्यायिक हिरासत में थे।
नेताओं ने जताया शोक
मन्नान मल्लिक के निधन पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, कांग्रेस मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय समेत कई नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है। नेताओं ने उनके निधन को कांग्रेस और झारखंड की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा पार्थिव शरीर
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, मन्नान मल्लिक के पार्थिव शरीर को पहले रांची स्थित कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को झारखंड विधानसभा ले जाया जाएगा। देर रात तक उनका पार्थिव शरीर धनबाद पहुंचने की संभावना है, जहां उनके अंतिम संस्कार की तैयारियां की जाएंगी।

ऐसे थे मन्नान मल्लिक
मन्नान मल्लिक अपने सरल स्वभाव, संगठनात्मक क्षमता और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर हमेशा चर्चा में रहे। उनके निधन से धनबाद समेत पूरे झारखंड में शोक का माहौल है।








