Shravani Mela 2026: झारखंड-बिहार के रेल यात्रियों को बाबाधाम जाने की बड़ी सुविधा, साउथ बिहार एक्सप्रेस पूरी तरह बहाल; पटना-चर्लपल्ली स्पेशल भी चलेगी ज्यादा दिन
श्रावणी मेला 2026 के दौरान रेलवे ने झारखंड और बिहार के यात्रियों को बड़ी राहत दी है। साउथ बिहार एक्सप्रेस पूरे अगस्त में चलेगी, जबकि पटना-चर्लपल्ली स्पेशल ट्रेन की अवधि भी बढ़ा दी गई है।

रांची: श्रावणी मेला 2026 के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं और झारखंड-बिहार के रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। रेलवे ने यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दो अहम फैसले लिए हैं। एक ओर आरा–दुर्ग–आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस को पूरे अगस्त (सावन) माह के लिए फिर से पूर्ण मार्ग पर बहाल कर दिया गया है, वहीं दूसरी ओर पटना–चर्लपल्ली स्पेशल ट्रेन के परिचालन की अवधि भी बढ़ा दी गई है। इससे रांची, गया, कोडरमा, गोमो, रायपुर, बिलासपुर और अन्य स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। सभी ट्रेनों में फिलहाल कंफर्म बर्थ मौजूद हैं।
साउथ बिहार एक्सप्रेस रिस्टोर
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गाड़ी संख्या 13288/13287 आरा–दुर्ग–आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस को रिस्टोर किया है, पहले इस ट्रेन को रद्द किया गया था। पहले दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में कंसबहाल–धारुआडीही सेक्शन में ट्रैक मेंटेनेंस और मेगा ब्लॉक के कारण इस ट्रेन को दुर्ग–राउरकेला–दुर्ग के बीच आंशिक रूप से रद्द किया गया था।अब रेलवे ने श्रावणी मेला में बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए इसे फिर से पूर्ण मार्ग पर बहाल कर दिया है।
इन तारीखों में बदले मार्ग से चलेगी ट्रेन
• 13288 आरा–दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस 6, 13, 20 और 27 अगस्त 2026 को चांडिल–कांद्रा–सीनी के रास्ते संचालित होगी।
• 13287 दुर्ग–आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस 7, 14, 21 और 28 अगस्त 2026 को अपने नियमित मार्ग से चलेगी।
इस निर्णय से छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के हजारों श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा।
पटना-चर्लपल्ली स्पेशल ट्रेन की अवधि भी बढ़ी
रेलवे ने यात्रियों की लगातार बढ़ती मांग को देखते हुए पटना–चर्लपल्ली स्पेशल ट्रेन के संचालन की अवधि भी बढ़ा दी है।
रेलवे के अनुसार—
• 03253 पटना–चर्लपल्ली स्पेशल : 3 अगस्त से 16 सितंबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार और बुधवार
• 03254 चर्लपल्ली–पटना स्पेशल : 5 अगस्त से 16 सितंबर तक प्रत्येक बुधवार
• 03255 चर्लपल्ली–पटना स्पेशल : 7 अगस्त से 18 सितंबर तक प्रत्येक शुक्रवार
रांची सहित इन स्टेशनों के यात्रियों को मिलेगा फायदा
यह स्पेशल ट्रेन कई महत्वपूर्ण स्टेशनों से होकर गुजरती है, जिनमें—
• पटना
• गया
• कोडरमा
• गोमो
• रांची
• बिलासपुर
• रायपुर
• नागपुर
• काजीपेट
• चर्लपल्ली
ट्रेन की अवधि बढ़ने से रांची और झारखंड के अन्य जिलों के यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में आसानी होगी। साथ ही नियमित ट्रेनों में भी भीड़ कम होने की उम्मीद है।
श्रावणी मेला यात्रियों के लिए राहत
रेलवे के इन दोनों फैसलों से बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं, कांवड़ यात्रियों और सामान्य यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। विशेष रूप से झारखंड और बिहार के यात्रियों को सावन के दौरान यात्रा के लिए अधिक विकल्प मिलेंगे और लंबी वेटिंग की समस्या भी कुछ हद तक कम हो सकेगी।








